घर और पशु बाड़े में भीषण आग, अनाज समेत मवेशी जिंदा जले

Spread the love

खरगोन जिले के बिस्टान थाना क्षेत्र अंतर्गत जामनियापानी के बनहूर स्थित सुतार फलिया में एक आदिवासी किसान के घर और पशु बाड़े में भीषण आग लगने से भारी नुकसान हो गया। हादसे में घर में रखा करीब 10 क्विंटल गेहूं, 7 क्विंटल मक्का, कपड़े और घरेलू बर्तन जलकर राख हो गए। वहीं आग की चपेट में आने से एक बैल, एक भैंस और 6 बकरा-बकरियां भी जिंदा जल गए।
जानकारी के अनुसार, यह आग पीड़ित किसान सुभाष भुवन के घर और पशु बाड़े में लगी थी। प्रारंभिक आशंका शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की जताई जा रही है।
घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने तत्काल आग बुझाने का प्रयास किया। सूचना मिलने पर फायर फाइटर टीम भी मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पटवारी और पुलिस टीम मौके पर पहुंची तथा नुकसान का पंचनामा तैयार कर जांच शुरू कर दी है। इस हादसे से पीड़ित किसान परिवार को भारी आर्थिक क्षति पहुंची है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *