📰 पूरी खबर:

मंदसौर। आगामी त्योहारों को ध्यान में रखते हुए मंदसौर पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गई है। मंगलवार देर शाम एसपी विनोद कुमार मीना के नेतृत्व में जिले एवं शहर के संवेदनशील क्षेत्रों में व्यापक फ्लैग मार्च निकाला गया। इस फ्लैग मार्च का मुख्य उद्देश्य कानून-व्यवस्था बनाए रखना, असामाजिक तत्वों में भय का माहौल पैदा करना और आम नागरिकों में सुरक्षा के प्रति विश्वास मजबूत करना रहा।

बोतलगंज से शुरू हुआ फ्लैग मार्च

फ्लैग मार्च की शुरुआत मंगलवार शाम करीब 7 बजे बोतलगंज क्षेत्र से हुई, जहां एसपी स्वयं भारी पुलिस बल के साथ पहुंचे। इस दौरान जिले के चार थानों का पुलिस बल मौजूद रहा। मार्च में एडिशनल एसपी तेर सिंह बघेल, एसडीओपी कीर्ति बघेल, सीएसपी जितेंद्र कुमार भास्कर, सिटी कोतवाली टीआई पुष्पेंद्र सिंह राठौर, वायडी नगर थाना प्रभारी शिवांशु मालवीय, नई आबादी थाना प्रभारी कुलदीप सिंह राठौर सहित अन्य अधिकारी एवं जवान शामिल रहे। मौके पर एसडीएम स्वाति तिवारी भी उपस्थित रहीं।

मुल्तानपुरा क्षेत्र में विशेष निगरानी

बोतलगंज के बाद पुलिस बल मुल्तानपुरा पहुंचा, जहां मुख्य चौराहों, गलियों और संवेदनशील क्षेत्रों में पैदल मार्च किया गया। इस दौरान एसपी ने स्वयं संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की तथा कई लोगों की तलाशी भी ली। पुलिस ने क्षेत्रवासियों से शांतिपूर्ण तरीके से त्योहार मनाने की अपील की।

गौरतलब है कि मुल्तानपुरा क्षेत्र पूर्व में गौकशी और गौ-तस्करी जैसी गतिविधियों को लेकर संवेदनशील रहा है, जिसे देखते हुए आगामी बकरा ईद पर्व के मद्देनजर यहां विशेष सतर्कता बरती जा रही है।

शहरभर में पुलिस का सघन मूवमेंट

इसके बाद फ्लैग मार्च प्रतापगढ़ पुलिया से शुरू होकर मंडी गेट, सदर बाजार रोड, शुक्ला चौक, जीवागंज होते हुए मदारपुरा तक पहुंचा। यहां पुलिस ने गलियों में पैदल भ्रमण कर संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की और वाहनों की जांच भी की।

इसके बाद टीम खिलचीपुरा क्षेत्र पहुंची, जहां सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया। रात करीब 10:30 बजे फ्लैग मार्च का समापन हुआ। पुलिस प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि बुधवार को भी अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में इसी तरह का अभियान जारी रहेगा।

“अपराधियों में भय, आमजन में विश्वास” – एसपी

एसपी विनोद कुमार मीना ने बताया कि त्योहारों को देखते हुए संवेदनशील क्षेत्रों में फ्लैग मार्च निकाला गया है। इसका उद्देश्य असामाजिक तत्वों में भय और आम नागरिकों में सुरक्षा का भरोसा पैदा करना है। साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों और मॉडिफाइड वाहनों पर भी कार्रवाई की जा रही है।

लोकेशन-मंदसौर
रिपोर्ट- रवि पोरवाल, आर.मध्यप्रदेश न्यूज