आगर जिले की कृषि उपज मंडी से करीब 20 लाख रुपए की सोयाबीन लेकर निकला ट्रक खाई में गिरा और आग की चपेट में आ गया। लेकिन हादसे के बाद कहानी में ऐसा मोड़ आया जिसने पूरे मामले पर सवाल खड़े कर दिए।

285 क्विंटल सोयाबीन लेकर निकले ट्रक में मौके पर महज 20 से 25 क्विंटल सोयाबीन ही मिलने का दावा किया गया है। आखिर बाकी सोयाबीन कहां गई? हादसा था या फिर किसी साजिश का हिस्सा? इन्हीं सवालों को लेकर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।


मामला कन्नौद थाना क्षेत्र का है। फर्म मेसर्स गोविंदकुमार श्यामसुंदर से 20 अगस्त को ट्रक क्रमांक MP04HE4288 में 320 बोरी यानी करीब 285 क्विंटल सोयाबीन भरकर महाराष्ट्र के हिंगलघाट के लिए रवाना की गई थी। माल की कीमत करीब 20 लाख रुपए बताई गई है।

अगले दिन ड्राइवर रईस ने ट्रक खराब होने की जानकारी दी और मरम्मत के नाम पर 5 हजार रुपए और लिए गए। 22 अगस्त को ट्रक मालिक ने गाड़ी ठीक होने की बात कही।

लेकिन 23 अगस्त की सुबह अचानक सूचना मिली कि आष्टा के आगे कन्नौद थाना क्षेत्र में ट्रक खाई में गिर गया और उसमें आग लग गई।


माल मालिक जब मौके पर पहुंचा तो ट्रक के टायर जल रहे थे। लेकिन उसके मुताबिक घटनास्थल पर करीब 20 से 25 क्विंटल सोयाबीन ही बिखरी मिली, जबकि बाकी माल की मौजूदगी को लेकर सवाल खड़े हो गए।

इसी के बाद पूरे मामले को संदिग्ध बताते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि घटना को लेकर सवाल करने पर उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई।


कन्नौद पुलिस ने ट्रक मालिक शादाब, ड्राइवर गोलू उर्फ शोएब और ड्राइवर रईस के खिलाफ चोरी, आपराधिक विश्वासघात, संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, धमकी और साजिश सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है।

पुलिस ने रईस को हिरासत में लिया है, जबकि दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।


अब पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल है—285 क्विंटल सोयाबीन में से कितना माल आग में जला और कितना गायब हुआ?
ट्रक खाई में कैसे गिरा और आग किन परिस्थितियों में लगी?
फिलहाल इन सभी सवालों के जवाब पुलिस जांच के बाद ही सामने आएंगे।