मंदसौर जिले के शामगढ़ में नशा मुक्ति अभियान के तहत जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। पुलिस थाना शामगढ़ और शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में निकली इस रैली में करीब 500 छात्राओं ने हिस्सा लेकर नशामुक्त समाज बनाने का संदेश दिया।

रैली की शुरुआत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय से हुई। यह अस्पताल चौराहा, शिव हनुमान मंदिर और थाना चौराहा सहित शहर के प्रमुख मार्गों से होकर मिडिल स्कूल ग्राउंड पहुंची। रैली के दौरान छात्राओं ने नशे के खिलाफ जागरूकता संबंधी संदेश देकर लोगों को नशे से दूर रहने की अपील की।

रैली के समापन पर थाना प्रभारी कपिल सौराष्ट्रीय ने सभी छात्राओं और विद्यालय स्टाफ को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और समाज में जनजागरूकता फैलाने का आह्वान किया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराना और नशामुक्त समाज की दिशा में जनभागीदारी बढ़ाना रहा।

शामगढ़ पुलिस की इस पहल को छात्राओं और स्थानीय नागरिकों का अच्छा सहयोग मिला। आयोजन के माध्यम से समाज को नशे के खिलाफ एकजुट होकर अभियान चलाने का संदेश दिया गया।