मंदसौर जिला अस्पताल से स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की एक चिंताजनक तस्वीर सामने आई है। इमरजेंसी वार्ड में एक घायल मरीज ड्रिप हाथ में लेकर दर्द से कराहता रहा, जबकि मौके पर मौजूद स्टाफ पर उसकी अनदेखी के आरोप लग रहे हैं।

मंदसौर जिला चिकित्सालय की इमरजेंसी सेवाओं पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। सामने आए वीडियो और तस्वीरों में एक घायल मरीज खुद अपनी लगी ड्रिप हाथ में लेकर खड़ा दिखाई दे रहा है। बताया जा रहा है कि मरीज दर्द से कराहता रहा, लेकिन मौके पर मौजूद डॉक्टर और कर्मचारियों ने समय पर ध्यान नहीं दिया।

गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही कलेक्टर अदिति गर्ग ने जिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं में सुधार के सख्त निर्देश दिए थे। लेकिन अब सामने आई यह तस्वीर उन निर्देशों के असर पर सवाल खड़े कर रही है।

हालांकि, इस मामले में अस्पताल प्रबंधन की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। यदि प्रशासन की ओर से कोई स्पष्टीकरण आता है, तो उसे भी प्रमुखता से प्रसारित किया जाएगा।