पिपलियामंडी। नगर की व्यस्त पिपलिया चौपाटी पर पिछले कई दिनों से साठीया समाज के कुछ लोगों द्वारा दिनभर भीख मांगने की गतिविधियों से आम नागरिक, दुकानदार और राहगीर परेशान थे। स्थानीय लोगों का आरोप है कि भीख मांगने के दौरान छोटे-छोटे बच्चों को गोद में लेकर या साथ में रखकर लोगों की भावनाओं का सहारा लिया जाता था, जिससे आने-जाने वालों को असहज स्थिति का सामना करना पड़ता था।

क्षेत्रवासियों ने इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए समाजसेवी व  भाजपा नेता मनोहर काबरा को इसकी जानकारी दी। शिकायत मिलने के बाद काबरा ने तत्काल पुलिस प्रशासन से संपर्क कर स्थिति से अवगत कराया।\

पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और चौपाटी क्षेत्र में मौजूद लोगों को वहां से हटाया। कार्रवाई के बाद क्षेत्र के व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों ने राहत की सांस ली तथा पुलिस और समाजसेवी मनोहर काबरा का आभार व्यक्त किया।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि चौपाटी नगर का प्रमुख और व्यस्त क्षेत्र है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग खरीदारी और आवागमन के लिए आते हैं। ऐसे में सार्वजनिक स्थानों पर लगातार भिक्षावृत्ति होने से व्यवस्था प्रभावित होती है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि भविष्य में भी नियमित निगरानी रखी जाए ताकि ऐसी स्थिति दोबारा उत्पन्न न हो।