📰 पूरी खबर:
मंदसौर जिले के सीतामऊ क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एमडी ड्रग्स बनाने की कथित फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। मौके से करीब 3 क्विंटल रासायनिक पदार्थ बरामद किए गए हैं, जिनका उपयोग ड्रग्स निर्माण में किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, मानपुरा से दूर बड़ावदी रोड स्थित एक टीन शेड वाले परिसर में कथित तौर पर एमडी ड्रग्स बनाने की तैयारी चल रही थी। सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने छापेमार कार्रवाई की।
कार्रवाई में निरीक्षक अनिल रघुवंशी, निरीक्षक कमलेश प्रजापति, एसआई कपिल सौराष्ट्रीय, एसआई विकास गेहलोत सहित कई थानों की पुलिस टीम शामिल रही। पुलिस ने मौके से बड़ी मात्रा में केमिकल जब्त किया है। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और पुलिस आरोपियों तथा इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।
पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद इस पूरे ड्रग्स नेटवर्क से जुड़े और भी अहम खुलासे हो सकते हैं।