मंदसौर से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है…
सोशल मीडिया पर दोस्ती, फिर प्यार, होटल में मुलाकात और उसके बाद ब्लैकमेलिंग… इस पूरे मामले का वायडी नगर पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए राजस्थान के सिरोही जिले के रहने वाले गोपाराम उर्फ गोपाल उर्फ राजवीर को गुजरात के सूरत से गिरफ्तार किया है। आरोपी पर आरोप है कि उसने युवती को शादी का झांसा देकर उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए और इसके बाद वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसे लगातार ब्लैकमेल किया।

दरअसल, मंदसौर निवासी पीड़िता की सोशल मीडिया के जरिए आरोपी से दोस्ती हुई थी। बातचीत बढ़ी और दोनों के बीच प्रेम संबंध हो गए। इसी दौरान आरोपी मंदसौर आया और युवती को एक होटल में बुलाकर शादी का झांसा दिया।

पीड़िता के अनुसार, होटल में उसके साथ उसकी मर्जी के खिलाफ शारीरिक संबंध बनाए गए। इसके कुछ समय बाद आरोपी ने उसे डराना शुरू किया। आरोपी ने कथित तौर पर युवती से कहा कि होटल में बने वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर उससे रुपये और सोने के जेवर मांगे जा रहे हैं।

वीडियो वायरल होने के डर से पीड़िता ने अपने घर में रखे लाखों रुपये कीमत के सोने के आभूषण आरोपी को दे दिए।

मामले की शिकायत 18 जुलाई 2026 को वायडी नगर थाने में दर्ज कराई गई। पुलिस ने अपराध क्रमांक 316/2026 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

इसके बाद पुलिस ने सोशल मीडिया, मोबाइल नंबर और साइबर सेल की मदद से आरोपी की तलाश शुरू की। जांच में पुलिस को पता चला कि आरोपी अपनी असली पहचान छिपाकर राजवीर के नाम से सोशल मीडिया पर सक्रिय था।

पुलिस को यह भी पता चला कि आरोपी ने कथित तौर पर एक अलग सिम लेकर खुद को होटल वाला बताकर पीड़िता को ब्लैकमेल किया था।

जांच आगे बढ़ी तो आरोपी की लोकेशन गुजरात के सूरत के कतरगाम क्षेत्र में मिली। इसके बाद वायडी नगर पुलिस की टीम सूरत पहुंची और निगरानी के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर मंदसौर लाई।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना असली नाम गोपाराम उर्फ गोपाल उर्फ राजवीर, पिता सवाराम देवासी, उम्र 28 वर्ष, निवासी कानाकोलर, थाना शिवगंज, जिला सिरोही राजस्थान बताया।

पुलिस ने आरोपी का रिमांड लेकर उसकी निशानदेही पर राजस्थान के कानाकोलर गांव में उसके घर से पीड़िता से लिए गए सोने के आभूषण बरामद किए।

बरामद आभूषणों में सोने की 4 चूड़ियां, 4 अंगूठियां, 5 मांदलिया, एक सोने का हार, एक मंगलसूत्र, एक सोने की चेन और एक जोड़ी झुमकियां शामिल हैं।

पुलिस के मुताबिक, बरामद सोने के आभूषणों की कुल कीमत करीब 15 लाख रुपये है।

यानी पुलिस ने न सिर्फ आरोपी तक पहुंच बनाई, बल्कि पीड़िता से लिए गए शत-प्रतिशत सोने के आभूषण भी बरामद कर लिए।

इस पूरी कार्रवाई में वायडी नगर थाना प्रभारी निरीक्षक शिवांशु मालवीय सहित पुलिस टीम और साइबर सेल की अहम भूमिका रही।

मंदसौर पुलिस की इस कार्रवाई ने एक बार फिर साफ कर दिया है कि सोशल मीडिया पर दोस्ती और निजी जानकारी साझा करते समय सावधानी बेहद जरूरी है। वहीं, महिला संबंधी अपराधों में पुलिस की त्वरित कार्रवाई से पीड़िता को बड़ी राहत मिली है।