मंदसौर जिले के मल्हारगढ़ विधानसभा क्षेत्र के पिपलियामंडी नगर में त्योहारों के दौरान जुलूस और रैलियां निकलने पर अक्सर यातायात व्यवस्था बिगड़ जाती है। बाजार में जाम की स्थिति बनती है और व्यापारियों के साथ आम नागरिकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

इसी समस्या के समाधान के लिए क्षेत्रीय विधायक जगदीश देवड़ा की पहल पर करीब 5 करोड़ रुपए की लागत से गुड़भेली बड़ी से बरखेड़ा पंथ तक बायपास मार्ग का निर्माण कराया गया था।

बायपास बनाने का उद्देश्य साफ था—बड़े और भारी वाहनों को नगर के मुख्य बाजार से बाहर निकालना, ताकि त्योहारों और जुलूसों के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे।

लेकिन अब सवाल खड़ा हो रहा है...

जब त्योहारों के दौरान भी बायपास का इस्तेमाल नहीं होगा, तो आखिर इसका उपयोग कब किया जाएगा?

अगर भारी वाहन मुख्य बाजार से ही गुजरते रहेंगे, तो करोड़ों रुपए की लागत से बनाए गए इस बायपास का उद्देश्य आखिर कैसे पूरा होगा?

व्यापारियों और आमजन की मांग है कि त्योहारों और जुलूसों के दौरान प्रशासन यातायात व्यवस्था को लेकर पहले से ठोस इंतजाम करे और बड़े एवं भारी वाहनों को बायपास मार्ग से ही गुजारा जाए।

अब देखना होगा कि जिम्मेदार अधिकारी इस समस्या को कितनी गंभीरता से लेते हैं और पिपलियामंडी के लोगों को जाम की परेशानी से कब राहत मिलती है।

सवाल सीधा है—त्योहारों पर बायपास का उपयोग कब होगा?