मंदसौर में रक्षाबंधन पर्व से पहले भाई-बहन के रिश्ते और पुलिस की संवेदनशील छवि की खूबसूरत तस्वीर देखने को मिली। करनी इंटरनेशनल विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर पुलिस अधिकारियों को मिठाई खिलाई और उनकी कलाई पर रक्षा सूत्र बांधा।

आगामी रक्षाबंधन पर्व के उपलक्ष्य में करनी इंटरनेशनल स्कूल के विद्यार्थी पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे। यहां विद्यार्थियों ने पुलिस अधीक्षक श्री विनोद कुमार मीना को मिठाई खिलाकर राखी बांधी और रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।

इसके अलावा पुलिस अधीक्षक श्री टीएस बघेल और वायडी नगर थाना प्रभारी श्री शिवांशु मालवीय को भी विद्यार्थियों ने रक्षा सूत्र बांधा।

नन्हे विद्यार्थियों से राखी बंधवाकर पुलिस अधिकारियों के चेहरे पर भी खुशी नजर आई। पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों का आभार व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

रक्षाबंधन सिर्फ एक त्योहार नहीं, बल्कि विश्वास, सुरक्षा और अपनत्व का रिश्ता है। मंदसौर में बच्चों और पुलिस के बीच नजर आया यह खूबसूरत रिश्ता लोगों के लिए भी आकर्षण का केंद्र बना।