मंदसौर। भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश दीक्षित के निर्देशानुसार एवं मल्हारगढ़ विधानसभा के भाजपा बूढ़ा मंडल अध्यक्ष सुनील शर्मा के नेतृत्व में भाजपा बूढ़ा मंडल की कामकाजी कार्यशाला बैठक गायत्री शक्तिपीठ बूढ़ा परिसर में आयोजित की गई।

बैठक में भाजपा के आगामी कार्यक्रमों, संगठनात्मक गतिविधियों और पार्टी की विभिन्न योजनाओं को लेकर पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ विस्तार से चर्चा की गई। मंडल अध्यक्ष सुनील शर्मा ने आगामी कार्यक्रमों में कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी पर जोर देते हुए बूथ स्तर तक संगठन को और मजबूत एवं प्रभावी बनाने का आह्वान किया।

कार्यशाला में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर 17 सितंबर से 18 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले सेवा पखवाड़े को लेकर विशेष चर्चा हुई। सेवा पखवाड़े के दौरान सेवा, जनकल्याण और सामाजिक सरोकार से जुड़े कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से आयोजित करने के लिए कार्ययोजना तैयार करने पर मंथन किया गया।

भाजपा बूढ़ा मंडल अध्यक्ष सुनील शर्मा ने कहा कि संगठन की मजबूती कार्यकर्ताओं की सक्रियता, समर्पण और एकजुटता से संभव है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन हित में पूरी सक्रियता के साथ कार्य करने और पार्टी की रीति-नीति एवं केंद्र तथा प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

वहीं मंडल प्रभारी नरेंद्र पाटीदार ने कहा कि कामकाजी कार्यशाला का उद्देश्य संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा के साथ आगामी कार्यक्रमों की स्पष्ट कार्ययोजना तैयार करना है। उन्होंने सेवा पखवाड़े सहित पार्टी के आगामी कार्यक्रमों को बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के लिए सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय के साथ सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।

कार्यशाला में आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करते हुए संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने और बूथ स्तर तक भाजपा संगठन को अधिक सशक्त एवं सक्रिय बनाने पर विशेष जोर दिया गया।

इस अवसर पर मंडल प्रभारी नरेंद्र पाटीदार, जिला सह कार्यालय मंत्री राजू गौड़, भाजपा नेता एवं किसान मोर्चा के पूर्व मंडल अध्यक्ष फूलसिंह कामलिया, जिला सह संयोजक भाजपा सोशल मीडिया विभाग गोविंद कंडारा सहित जनप्रतिनिधि, विभिन्न मोर्चा एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में भाजपा बूढ़ा मंडल महामंत्री अशोक राठौर ने सभी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।