📰 पूरी खबर:
इंदौर। भीषण गर्मी और जलसंकट की स्थिति को देखते हुए सांसद शंकर लालवानी ने संसदीय क्षेत्र इंदौर की ग्रामीण विधानसभा राऊ, देपालपुर एवं सांवेर की विभिन्न ग्राम पंचायतों में पेयजल उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए 10 पेयजल टैंकरों को रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने राजवाड़ा पहुंचकर लोकमाता देवी अहिल्याबाई होलकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा जनकल्याण और सेवा के संकल्प को दोहराया इस अवसर भाजपा के नगर अध्यक्ष चैन सिंह दरबार भी अपने गांव चंद्रावतीगंज के लिए एक टैंकर लेकर आए जहां पर टैंकर की बहुत ज्यादा आवश्यकता थी
सांसद लालवानी ने कहा कि गर्मी के मौसम में कई ग्राम पंचायतों में जलस्तर घटने के कारण पेयजल की समस्या उत्पन्न होती है। ऐसे समय में ग्रामीण नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए संसदीय क्षेत्र के ग्रामीण अंचलों में लगातार स्थिति पर नजर रखी जा रही है। आवश्यकता वाले क्षेत्रों में तत्काल पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है तथा प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर राहत कार्यों को गति दी जा रही है।
उन्होंने बताया कि राऊ, देपालपुर एवं सांवेर विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न ग्राम पंचायतों में इन 10 टैंकरों के माध्यम से नियमित रूप से पेयजल पहुंचाया जाएगा। इससे हजारों ग्रामीण परिवारों को राहत मिलेगी तथा जल संकट की स्थिति से निपटने में सहायता प्राप्त होगी।
सांसद लालवानी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में केंद्र सरकार अंतिम व्यक्ति तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाने के लक्ष्य के साथ कार्य कर रही है। इसी सोच के अनुरूप इंदौर संसदीय क्षेत्र में पेयजल एवं जल संरक्षण से जुड़े अनेक कार्य लगातार किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि सांसद निधि से अब तक ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में 176 पेयजल टैंकर उपलब्ध कराए जा चुके हैं। इसके साथ ही जल संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए 100 से अधिक अमृत सरोवरों का निर्माण एवं विकास कराया गया है तथा शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में 500 से अधिक बोरिंग कार्य भी संपन्न कराए गए हैं।
इस अवसर पर मोहनसिंह काछवा, रामस्वरूप गहलोत, दिलीप पटेल, विक्रम सिंह रोजड़ी, राजेन्द्र पटेल, महेन्द्र सिंह ठाकुर, गोपाल कटेसरिया, अजय आहुजा, दिलीप पटेल सहित जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता, ग्राम पंचायत प्रतिनिधि मौजूद थे