उज्जैन, 31 जुलाई। नियमित टीकाकरण सेवाओं की बेहतर प्रदायगी एवं प्रभावी पर्यवेक्षण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जिला उज्जैन डॉ. अशोक कुमार पटेल तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग  ब्रजेश त्रिपाठी ने 31 जुलाई 2026 को उज्जैन शहर के वार्ड क्रमांक 45, सिंधी कॉलोनी, हाथीपुरा स्थित आंगनवाड़ी केंद्र में आयोजित टीकाकरण सत्र का औचक निरीक्षण किया।

टीकाकरण व्यवस्था, कुपोषित बच्चों एवं हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं की ली जानकारी

निरीक्षण के दौरान ए.एन.सी. पंजीयन एवं गंभीर कुपोषित बच्चों की स्थिति की जानकारी ली गई। टीकाकरण रजिस्टर एवं ड्यू-लिस्ट का अवलोकन कर निर्देश दिए गए कि आंगनवाड़ी केंद्र पर ई.डी.डी. सूची चस्पा की जाए। कुपोषित बच्चों को पोषण पुनर्वास केंद्र में भर्ती कराकर आवश्यक स्वास्थ्य लाभ दिलाने के निर्देश दिए गए।

हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं का चिन्हांकन कर उनसे निरंतर समन्वय बनाए रखने, हाई रिस्क श्रेणी का पूर्ण प्रबंधन करने तथा संस्थागत प्रसव सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए। दस्तक अभियान के अंतर्गत क्षेत्र के सभी बच्चों का कवरेज एवं स्क्रीनिंग कर स्वास्थ्य जांच कराने के निर्देश भी दिए गए। क्षेत्र की सभी गर्भवती महिलाओं एवं शिशुओं का शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करने के लिए कहा गया, ताकि कोई भी पात्र हितग्राही टीकाकरण से वंचित न रहे। ड्यू-लिस्ट के अनुसार समय पर टीकाकरण, नियमित फॉलो-अप एवं यूवीन पोर्टल पर प्रविष्टि करने के निर्देश दिए गए।

स्वास्थ्य एवं महिला बाल विकास विभाग में बेहतर समन्वय के निर्देश

दस्तक अभियान में चिन्हित बच्चों के स्वास्थ्य की नियमित निगरानी एवं फॉलो-अप करने तथा उनके परिवारों को आवश्यक पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी परामर्श प्रदान करने के निर्देश दिए गए। स्वास्थ्य विभाग एवं महिला एवं बाल विकास विभाग की रिपोर्ट में एकरूपता बनाए रखने तथा समय-समय पर दोनों विभागों की समन्वय बैठक आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए।

निरीक्षण के दौरान आंगनवाड़ी केंद्र पर श्रीमती उषा मरमट (महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता), श्रीमती आरती शर्मा (सुपरवाइजर), श्रीमती सीमा मरमट (आशा कार्यकर्ता), श्रीमती सपना बिलावत (आंगनवाड़ी कार्यकर्ता) तथा श्रीमती साहेला मंकरानी (पब्लिक हेल्थ मैनेजर) उपस्थित थीं।