इंदौर में अवैध हथियार सप्लाई नेटवर्क का खुलासा, पिस्टल के साथ युवक गिरफ्तार, सप्लायर फरार

इंदौर। शहर के राजेन्द्र नगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को पिस्टल के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई ममता नगर क्षेत्र के पास टीआई यशवंत बडोले की टीम द्वारा की गई।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान द्वारकापुरी निवासी अक्षय शर्मा के रूप में हुई है। आरोपी को संदिग्ध अवस्था में पकड़ा गया, जिसके पास से अवैध पिस्टल बरामद की गई। इसके बाद पुलिस आरोपी को थाने लेकर पहुंची और उससे पूछताछ की गई।

पूछताछ के दौरान आरोपी अक्षय शर्मा ने खुलासा किया कि यह पिस्टल उसे अहीरखेड़ी निवासी चेतन नाथ ने बेची थी। आरोपी ने पुलिस को बताया कि चेतन नाथ पिछले दो महीनों में इलाके के करीब एक दर्जन से अधिक लोगों को अवैध पिस्टल बेच चुका है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए राजेन्द्र नगर पुलिस ने चेतन नाथ के संभावित ठिकानों पर दबिश दी, लेकिन आरोपी मौके से फरार मिला। पुलिस उसकी तलाश में लगातार जुटी हुई है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार चेतन नाथ पर पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं पकड़े गए आरोपी से लगातार पूछताछ की जा रही है ताकि हथियार सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी मिल सके।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी द्वारा बेची गई पिस्टल किन लोगों तक पहुंची और उनका इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाना था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *