सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परासी में ही रहेगा सेंट्रल लैब, हटाने की अफवाहों पर विराम — जनप्रतिनिधियों ने दी राहत की जानकारी

परासी (अनूपपुर)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परासी में संचालित सेंट्रल लैब (केंद्रीय रक्त जांच केंद्र) को हटाए जाने की खबरों से क्षेत्र में भ्रम और चिंता की स्थिति बन गई थी। खबर फैलते ही ग्रामीणों में नाराजगी देखने को मिली, वहीं जनप्रतिनिधियों ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए स्थिति स्पष्ट की और लोगों को राहत दी।

पूर्व सरपंच वीरेंद्र सिंह ने कहा कि यदि स्वास्थ्य सुविधाओं में किसी प्रकार की कटौती की जाती है तो ग्रामीण बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह जांच केंद्र क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था की रीढ़ की तरह काम कर रहा है।

स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, इस सेंट्रल लैब में लगभग 80 प्रकार के रक्त परीक्षण किए जाते हैं, जिनका लाभ प्रतिदिन दर्जनों मरीजों, गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों और जरूरतमंद लोगों को मिल रहा है। केंद्र हटने की स्थिति में लोगों को निजी लैब या दूरस्थ अस्पतालों पर निर्भर होना पड़ता, जिससे आर्थिक बोझ बढ़ने की आशंका थी।

इस पूरे मामले पर जनपद उपाध्यक्ष तेजभान सिंह ने वरिष्ठ स्वास्थ्य अधिकारियों से चर्चा कर स्पष्ट किया कि किसी भी हाल में परासी से सेंट्रल लैब को बाहर नहीं किया जाएगा।

वहीं विधायक प्रतिनिधि उदय प्रताप सिंह ने भी अनूपपुर स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से बात कर पुष्टि की कि सेंट्रल लैब परासी में ही यथावत रहेगा।

खंड चिकित्सा अधिकारी अनूपपुर, डॉ. धनीराम सिंह श्याम ने भी स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि परासी का सेंट्रल लैब वहीं रहेगा और स्वास्थ्य सेवाओं में किसी प्रकार की कमी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि केंद्र में शीघ्र ही एक्स-रे मशीन भी स्थापित की जा रही है, जिससे स्थानीय स्वास्थ्य सुविधाएं और अधिक मजबूत होंगी।

अधिकारियों के इस स्पष्टिकरण के बाद क्षेत्रवासियों ने राहत की सांस ली है और स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर फैली आशंकाओं पर विराम लग गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *