जैतहरी में ‘‘जल स्त्रोत सेवा समागम’’ के माध्यम से तिपान नदी के संरक्षण हेतु किया गया सामूहिक श्रमदान

अनूपपुर 22 अप्रैल 2026/ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की प्राथमिकता वाले ‘‘जल गंगा संवर्धन अभियान’’ के अंतर्गत जैतहरी विकासखंड में जल स्त्रोतों के पुनरुद्धार का कार्य सुचारू रूप से संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में जन अभियान परिषद के समन्वय से ‘‘जल स्त्रोत सेवा समागम’’ कार्यक्रम का आयोजन कर तिपान नदी के संरक्षण हेतु महत्वपूर्ण कदम उठाए गए।

अभियान में जल स्त्रोतों की स्वच्छता को प्राथमिकता देते हुए आस्था शिक्षण समिति वेंकटनगर के सहयोग से तिपान नदी के तट पर विशेष श्रमदान सत्र आयोजित किया गया। इस दौरान नदी क्षेत्र की व्यापक साफ-सफाई की गई, ताकि जल प्रवाह की निरंतरता और जल की गुणवत्ता सुनिश्चित की जा सके।

श्रमदान के साथ ही आयोजित ‘‘नदी अनुभूति’’ कार्यक्रम के माध्यम से उपस्थित नागरिकों को नदी संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम में बताया गया कि जल स्त्रोतों का संवर्धन न केवल वर्तमान बल्कि भविष्य की आवश्यकताओं के लिए भी अनिवार्य है। इस दौरान जल स्त्रोतों की शुचिता बनाए रखने का संकल्प भी लिया गया।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम के छात्र-छात्राओं, प्रस्फुटन समिति के सदस्यों और स्थानीय ग्रामीणों द्वारा सक्रिय सहभागिता निभाई गई। जन अभियान परिषद के मार्गदर्शन में आयोजित इस गतिविधि का मुख्य ध्येय प्राकृतिक जल स्त्रोतों के प्रति सामुदायिक उत्तरदायित्व का निर्वहन करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You Missed