धामनोद में साइबर ठगी: SBI YONO ऐप के नाम पर 1.55 लाख की धोखाधड़ी

संवाददाता नरेंद्र चौहान

धार जिले के धामनोद थाना क्षेत्र में साइबर ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है, जहां ठगों ने खुद को बैंक अधिकारी बताकर एक व्यक्ति के खाते से 1 लाख 55 हजार 800 रुपये उड़ा लिए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, खलघाट निवासी 55 वर्षीय अजय सिंह सिसोदिया को 7 अप्रैल 2026 को एक अज्ञात नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को बैंक अधिकारी बताते हुए कहा कि उनका SBI YONO ऐप दोबारा चालू कर दिया गया है।

जैसे ही फरियादी ने अपने मोबाइल में ऐप एक्टिव किया, उसी दौरान उनके बैंक खाते से लगातार चार ट्रांजैक्शन के जरिए रकम निकाल ली गई। इन ट्रांजैक्शनों में 90,000 रुपये, 50,000 रुपये, 15,000 रुपये और 800 रुपये शामिल हैं। इस प्रकार कुल 1,55,800 रुपये की राशि धोखाधड़ी से निकाल ली गई।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने “Mohd Asif” नाम और संदिग्ध ट्रांजैक्शन आईडी का इस्तेमाल किया, जिससे यह पूरी वारदात सुनियोजित साइबर फ्रॉड प्रतीत होती है।

घटना के बाद पीड़ित ने तुरंत सीएम हेल्पलाइन, साइबर क्राइम पोर्टल और स्थानीय थाने में शिकायत दर्ज कराई। धामनोद थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 181/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) और 319(2) में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस मोबाइल नंबर, बैंक ट्रांजैक्शन डिटेल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुटी हुई है।

पुलिस की अपील

पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि:

  • किसी भी अनजान कॉल पर बैंकिंग जानकारी साझा न करें
  • OTP, PIN या ऐप एक्सेस किसी के साथ साझा न करें
  • संदिग्ध कॉल या लिंक से तुरंत दूरी बनाएं

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You Missed