नीमच में ऑनलाइन सट्टा रैकेट का भंडाफोड़ः मास्टरमाइंड विजय तिवारी, हरप्रीत उर्फ कोमल सरदार और मनीष पामेचा फरार, गोवा में बैठकर ऑनलाइन सट्टेबाजी के बड़े रैकेट को अंजाम !, पुलिस तलाश में जुटी

नीमच। आईपीएल क्रिकेट के दौरान ऑनलाइन सट्टा संचालित करने और लोगों को सट्टा आईडी उपलब्ध कराने वाले एक आरोपी को नीमच कैंट पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी नीलेश आर्य निवासी तिरुपति नगर को मुखबिर की सूचना पर श्रीराम अस्पताल के सामने स्थित मैदान के पास से पकड़ा गया। उसके पास से वन प्लस मोबाइल में विभिन्न सट्टा वेबसाइटों की मास्टर आईडी और लाखों रुपये के लेनदेन का रिकॉर्ड बरामद हुआ है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी अपने साथियों के माध्यम से मास्टर आईडी लेकर लोगों को सब-आईडी उपलब्ध कराता था और ऑनलाइन सट्टा खिलवाकर अवैध लाभ कमा रहा था। इस मामले में विजय तिवारी, हरप्रीत उर्फ कोमल सरदार और मनीष पामेचा को भी आरोपी बनाया गया है, जो फिलहाल फरार हैं।

सूत्रों के अनुसार, फरार आरोपी शहर के नामी सटोरियों में शामिल बताए जा रहे हैं। जानकारी मिली है कि विजय तिवारी छतरपुर में, हरप्रीत उर्फ कोमल इंदौर में और मनीष पामेचा नीमच में ही कहीं छिपा बैठा है। हालांकि पुलिस ने इन स्थानों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है और उनकी तलाश के लिए टीमों को सक्रिय कर दिया गया है। थाना प्रभारी सौरभ शर्मा सहित पूरी टीम की इस कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही फरार आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You Missed