इंदौर जिले के सांवेर नगर परिषद के वार्ड क्रमांक 9 में एक करोड पांच लाख रुपए की लागत से ट्रेचिंग ग्राउंड से सांवेर आंतरिक मार्ग का निर्माण किया जाएगा। जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट के प्रयासों से राज्य शासन ने इसकी प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है। इस स्वीकृति के लिए मंत्री सिलावट ने प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह का आभार व्यक्त किया है।
मंत्री सिलावट ने बताया कि सांवेर नगर परिषद के वार्ड नंबर 9 में वर्षों से ट्रेचिंग ग्राउण्ड से सांवेर आंतरिक मार्ग निर्माण की मांग की जा रही थी, जिसकी प्रशासकीय स्वीकृति जारी हो गई है। ट्रेचिंग ग्राउण्ड से सांवेर आंतरिक मार्ग निर्माण की लंबाई लगभग 1 किमी होगी तथा इसकी लागत 104.98 लाख रुपए है। प्रशासकीय स्वीकृति मिलने से अब निविदा की प्रक्रिया की जाएगी। इस रोड के निर्माण होने से क्षेत्र के 5 हजार से ज्यादा स्थानीय रहवासियों एवं ग्रामीणों को लाभ होगा। इन क्षेत्रों में काफी समय से सडक निर्माण की मांग की जा रही थी, जिसे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी और लोक निर्माण विभाग मंत्री श्री राकेश सिंह जी द्वारा वित्तीय व्यय समिति की 298वीं बैठक में अनुमोदित कर प्रशासकीय स्वीकृति जारी की है। सडक के निर्माण होने से आगामी सिंहस्थ 2028 में सभी ग्रामीणों एवं रहवासियों को इसका लाभ मिलेगा