देवास में अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, 5 प्रकरण दर्ज

देवास में अवैध मदिरा संग्रहण, विक्रय एवं परिवहन के विरुद्ध आबकारी विभाग ने सख्त कार्रवाई करते हुए 5 प्रकरण दर्ज किए हैं। यह कार्रवाई कलेक्टर ऋतुराज सिंह के निर्देशानुसार जिलेभर में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई।

आबकारी वृत्त सोनकच्छ की टीम ने भौंरासा एवं सोनकच्छ क्षेत्र में गश्त के दौरान एक पल्सर मोटरसाइकिल पर एक पेटी बीयर कैन का अवैध परिवहन करते हुए एक आरोपी को पकड़ा। इसके साथ ही अन्य संदिग्ध स्थानों पर भी सर्चिंग अभियान चलाया गया।

कार्रवाई के दौरान कुल 5 प्रकरण मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत दर्ज किए गए। टीम ने 1 पेटी विदेशी मदिरा बीयर, विदेशी व्हिस्की के पाव एवं 70 पाव देशी प्लेन शराब जब्त की। जब्त सामग्री और वाहन की कुल कीमत लगभग 92 हजार 500 रुपये बताई गई है।

इस कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक प्रेम यादव, मुख्य आरक्षक राजाराम रायकवार, आरक्षक निकिता परमार एवं सैनिक किशोर शामिल रहे। आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *