R Madhya Pradesh

मध्य प्रदेश की ताजा खबरें, ब्रेकिंग न्यूज़, लाइव अपडेट्स

मारुति वैन और बाइक कि आमने-सामने भिड़ंत में बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत चालक गंभीर घायल

Spread the love

शाजापुर जिले के सलसलाई थाना क्षेत्र के अय्यापुर जोड़ के पास स्टेट हाईवे 41 नंबर पर वैन और बाइक की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत में बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि वैन चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल सारंगपुर शासकीय अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस से प्राप्त जानकारी अनुसार चौमा की ओर जा रहे प्रहलाद सिंह पिता गणपत सिंह (40) निवासी मुंदीखेड़ी अपनी कार से आष्टा से चौमा जा रहे थे। इसी दौरान सलसलाई थाना क्षेत्र के अंतर्गत अय्यापुर जोड़ के पास उनकी वैन की सामने से आ रही बाइक से जोरदार भिड़ंत हो गई।
हादसे में बाइक सवार अरुण सिंह पिता महेश राजपूत (24) निवासी गोदना गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया गया कि अरुण अपने घर से बाइक लेकर सारंगपुर की ओर निकला था और वापस लौटते समय हादसे का शिकार हो गया। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
स्थानीय लोगों ने तुरंत मदद करते हुए घायल को निजी वाहन तथा डायल-112 की सहायता से सारंगपुर शासकीय अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद अरुण सिंह को मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।
वहीं वैन चालक प्रहलाद सिंह को भी गंभीर चोटें आई हैं, जिनका उपचार जारी है। हादसे की सूचना मिलते ही सलसलाई थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वेन को जब्त कर लिया है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
डायल-112 की एफआरवी टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घायलों को अस्पताल पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। टीम में आरक्षक संदीप यादव तथा पायलट शाहरुख खान शामिल थे।
हादसे के बाद अय्यापुर जोड़ पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सामान्य कराया। घटना से गोदना और आसपास के गांवों में शोक का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *