R Madhya Pradesh

मध्य प्रदेश की ताजा खबरें, ब्रेकिंग न्यूज़, लाइव अपडेट्स

धार की रेल परियोजनाओं को समय पर पूरा कराना मेरी सर्वोच्च प्राथमिकता- श्रीमती सावित्री ठाकुर

Spread the love

धार/पीथमपुर- केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री एवं धार सांसद श्रीमती सावित्री ठाकुर जी ने कहा कि लोकसभा क्षेत्र धार में संचालित रेल अवसंरचना परियोजनाओं को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। बेहतर रेल संपर्क क्षेत्र के औद्योगिक, आर्थिक एवं सामाजिक विकास का सशक्त आधार बनेगा तथा आमजन, किसानों, व्यापारियों एवं उद्योगों को इसका व्यापक लाभ प्राप्त होगा।

इसी क्रम में आज पीथमपुर में पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक श्री रामाश्रय पांडे जी के साथ लगभग 70 फीट नीचे उतरकर निर्माणाधीन रेलवे टनल एवं विभिन्न विकास कार्यों का स्थल निरीक्षण एवं अवलोकन किया। इस दौरान टनल के भीतर रेलवे धक्का गाड़ी से यात्रा कर आज़ादी के बाद पश्चिम रेलवे की सबसे बड़ी निर्माणाधीन रेलवे टनल की प्रगति का विस्तृत निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान श्रीमती ठाकुर ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, सुरक्षा मानकों एवं परियोजना की प्रगति की गहन समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किया जाए तथा गुणवत्ता के साथ किसी भी प्रकार का समझौता न हो। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विकास परियोजना जनता के विश्वास से जुड़ी होती है, इसलिए कार्यों में पारदर्शिता, गुणवत्ता और गति सुनिश्चित करना अत्यंत आवश्यक है।

श्रीमती सावित्री ठाकुर ने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में देशभर में रेलवे के आधुनिकीकरण एवं विस्तार का अभूतपूर्व कार्य हो रहा है। मध्यप्रदेश सहित धार संसदीय क्षेत्र भी इस विकास यात्रा का महत्वपूर्ण भागीदार बन रहा है। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से क्षेत्र में रेल संपर्क सुदृढ़ होगा, औद्योगिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी, निवेश को बढ़ावा मिलेगा तथा स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि रेलवे विभाग एवं संबंधित एजेंसियों के समन्वित प्रयासों से यह महत्वाकांक्षी परियोजना निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण होगी और क्षेत्र के विकास में एक नया अध्याय जोड़ेगी।

निरीक्षण के दौरान धार विधायक श्रीमती नीना विक्रम वर्मा जी, पश्चिम रेलवे के डीआरएम श्री अश्विनी कुमार सहित रेलवे विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं अभियंतागण विशेष रूप से उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *