R Madhya Pradesh

मध्य प्रदेश की ताजा खबरें, ब्रेकिंग न्यूज़, लाइव अपडेट्स

देवास पुलिस का बड़ा एक्शन: अवैध हथियार तस्करी गिरोह का पर्दाफाश, 14 देशी पिस्टल के साथ 5 आरोपी गिरफ्तार

Spread the love

देवास। देवास पुलिस ने अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ही रात में चार अलग-अलग ऑपरेशन में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 14 देशी पिस्टल, 5 जिंदा कारतूस और हथियारों की तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे दो दोपहिया वाहन जब्त किए गए हैं। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 4 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस अधीक्षक श्री पुनीत मेहलोद के निर्देशन में जिले में अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त और संभावित आपराधिक घटनाओं की रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान थाना कोतवाली पुलिस को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) श्री गजेन्द्र सिंह वर्धमान और नगर पुलिस अधीक्षक श्री सुमित अग्रवाल के मार्गदर्शन में विशेष टीमों का गठन किया गया।

पुलिस ने शहर के अलग-अलग स्थानों पर घेराबंदी कर अंकित रायकवार, साहिल वर्मा, शुभम पांचाल, इरफान शेख और अक्षय शिंदे को गिरफ्तार किया। पूछताछ और भारतीय साक्ष्य अधिनियम के तहत तैयार मेमोरण्डम के आधार पर आरोपियों ने एक-दूसरे को अवैध हथियार उपलब्ध कराने और उनकी खरीद-फरोख्त करने की बात स्वीकार की।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी मध्यप्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से अवैध देशी पिस्टल खरीदकर उन्हें अन्य अपराधियों तक पहुंचाते थे। हथियारों की डील सुनसान स्थानों पर की जाती थी और परिवहन के लिए दोपहिया वाहनों का उपयोग किया जाता था। पुलिस अब इस नेटवर्क की सप्लाई चेन और इससे जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।

गिरफ्तार आरोपियों में अंकित रायकवार (22), साहिल वर्मा (24), इरफान शेख (35), अक्षय शिंदे (23) और शुभम पांचाल (29) शामिल हैं। पुलिस के अनुसार इनमें से कुछ आरोपियों के खिलाफ पहले से मारपीट, चोरी, आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न आपराधिक मामले दर्ज हैं।

इस कार्रवाई में थाना कोतवाली प्रभारी निरीक्षक श्यामचंद्र शर्मा, उप निरीक्षक जीवन भिडोरे, संजय वर्मा सहित कोतवाली पुलिस, साइबर सेल और पुलिस अधीक्षक कार्यालय की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

देवास पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति के पास अवैध हथियार रखने, खरीदने या बेचने की जानकारी हो तो तत्काल निकटतम पुलिस थाना या डायल-112 पर सूचना दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *