धार। धार-महू लोकसभा क्षेत्र की सांसद एवं केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री श्रीमती सावित्री ठाकुर के सतत प्रयासों संसदीय क्षेत्र में चहुँमुखी विकास की धारा बह रही है। श्रीमती ठाकुर के द्वारा निरंतर किये जा रहे सकारात्मक प्रयासों के परिणामस्वरूप केंद्र सरकार द्वारा यह मंजूरी प्राप्त हुई है। इसके अंतर्गत भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय अंतर्गत नवोदय विद्यालय समिति (NVS) द्वारा धार जिले में द्वितीय जवाहर नवोदय विद्यालय की स्थापना के लिए स्थायी परिसर हेतु आवश्यक भूमि उपलब्ध कराने एवं अस्थायी भवन की व्यवस्था शीघ्र सुनिश्चित करने के संबंध में मध्यप्रदेश शासन के मुख्य सचिव को पत्र प्रेषित किया है।
यहां उल्लेखनीय है कि वर्ष 2024 से ही श्रीमती ठाकुर धार जिले में जवाहर नवोदय विद्यालय खोले जाने हेतु लगातार प्रयासरत रही हैं।
नवोदय विद्यालय समिति के आयुक्त आईएएस श्री राजेश लखानी, द्वारा भेजे गए पत्र में उल्लेख किया गया है कि कैबिनेट समिति ऑन इकोनॉमिक अफेयर्स (CCEA) द्वारा 10 जून 2026 को धार जिले में द्वितीय जवाहर नवोदय विद्यालय की स्थापना को स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है। विद्यालय के संचालन के लिए राज्य शासन से लगभग 30 एकड़ अतिक्रमण मुक्त भूमि तथा प्रारंभिक वर्षों के लिए उपयुक्त अस्थायी भवन उपलब्ध कराना आवश्यक है।
सांसद श्रीमती सावित्री ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में शिक्षा के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य किए जा रहे हैं। नवोदय विद्यालय ग्रामीण एवं प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण, निःशुल्क एवं आवासीय शिक्षा उपलब्ध कराने का सशक्त माध्यम हैं। धार जिले में दूसरे नवोदय विद्यालय की स्थापना से जिले के हजारों विद्यार्थियों को आधुनिक एवं उत्कृष्ट शैक्षणिक सुविधाओं का लाभ मिलेगा तथा उन्हें राष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धाओं के लिए बेहतर अवसर प्राप्त होंगे।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मध्यप्रदेश शासन एवं जिला प्रशासन आवश्यक भूमि एवं अस्थायी भवन की व्यवस्था समयबद्ध रूप से सुनिश्चित करेंगे, जिससे शैक्षणिक सत्र 2027-28 से विद्यालय का संचालन प्रारंभ किया जा सके।
श्रीमती सावित्री ठाकुर ने इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी, केंद्रीय शिक्षा मंत्री श्री धर्मेंद्र प्रधान जी तथा मध्यप्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव जी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे धार लोकसभा क्षेत्र के विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य एवं क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रतिबद्ध हैं तथा शिक्षा, स्वास्थ्य एवं आधारभूत सुविधाओं के विस्तार हेतु इसी प्रकार सतत प्रयास करती रहेंगी।












Leave a Reply