अनूपपुर में ‘जनगणना 2027’ का प्रथम चरण 1 मई से होगा प्रारंभ, प्रगणक मोबाइल ऐप के जरिए करेंगे मकानों का सूचीकरण, कलेक्टर ने आमजन से सटीक जानकारी देने की अपील की

Spread the love

​अनूपपुर //वेद शर्मा// 30 अप्रैल 2026/ अनूपपुर जिले में ‘जनगणना 2027’ के प्रथम चरण का कार्य 1 मई से विधिवत प्रारंभ होने जा रहा है। कलेक्टर एवं जिला जनगणना अधिकारी ने इस राष्ट्रीय महाभियान के सफल क्रियान्वयन के लिए सभी प्रशासनिक और तकनीकी तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं।

प्रशासन द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, जनगणना 2027 के अंतर्गत जिन नागरिकों ने पोर्टल के माध्यम से अपनी जानकारी पहले ही दर्ज कर ली है, उन्हें प्रगणकों (Enumerators) के घर आने पर केवल अपना रेफरेंस नंबर दिखाना होगा। इससे उन्हें दोबारा पूरी जानकारी देने की आवश्यकता नहीं होगी।

​जनगणना के प्रथम चरण के दौरान प्रगणक घर-घर जाकर मकानों का सूचीकरण एवं गणना कार्य करेंगे। इस बार डेटा संग्रहण की पूरी प्रक्रिया मोबाइल ऐप के माध्यम से डिजिटल रूप में संपन्न की जाएगी। इससे न केवल डेटा संग्रहण में पारदर्शिता आएगी, बल्कि वास्तविक समय में सटीक आंकड़े प्राप्त हो सकेंगे।

​फील्ड में तैनात प्रगणकों को आने वाली किसी भी तकनीकी समस्या के त्वरित निराकरण के लिए जिला स्तर पर एक विशेष निगरानी टीम का गठन किया गया है। प्रशासन ने मकान सूचीकरण के इस महत्वपूर्ण कार्य को 30 मई 2026 तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया है।

कलेक्टर ने जिले के सभी नागरिकों से अपील की है कि वे ‘जनगणना 2027’ के सफल संचालन के लिए आने वाले कर्मियों को सही और पूर्ण जानकारी प्रदान कर सहयोग करें। जनगणना के ये आंकड़े ही भविष्य की कल्याणकारी योजनाओं और जिले के विकास का आधार बनेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You Missed