रिपोर्टर सोनू मंसूरी
सोनकच्छ । ‘हर घर आवास’ के दावों के बीच जमीनी हकीकत आज भी कुछ गांवों में बेहद ख़राब है। जनपद पंचायत सोनकच्छ के अंतर्गत आने वाले ग्राम पिलवानी से एक ऐसा ही मामला सामने आया है, जहाँ एक गरीब आदिवासी विधवा महिला सरकारी सिस्टम की नाकामी के कारण नारकीय जीवन जीने को मजबूर है।
कच्चे मकान में कट रही जिंदगी, योजनाओं से दूरी ग्राम पिलवानी निवासी लीला बाई (पति स्व. अमर सिंह) की स्थिति शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की पोल खोल रही है। लीला बाई के पास रहने के लिए एक जर्जर कच्चा मकान है, जिसकी छत बारिश में टपकती है और गर्मी में भट्टी की तरह तपती है। प्रधानमंत्री आवास योजना की कतार में खड़े-खड़े सालों बीत गए, लेकिन लीला बाई का नाम आज भी सरकारी फाइलों में ‘पात्र’ होने का इंतजार कर रहा है।
शौचालय नहीं: सुरक्षा और सम्मान दांव पर
आवास तो दूर, महिला को स्वच्छ भारत मिशन के तहत शौचालय तक नसीब नहीं हुआ। लीला बाई ने बताया: “उम्र के इस पड़ाव पर और अकेले होने के बावजूद मुझे खुले में शौच के लिए जाना पड़ता है। कई बार पंचायत के चक्कर लगाए, अधिकारियों से गुहार की, लेकिन आश्वासन के अलावा कुछ नहीं मिला।” शौचालय न होने से न केवल उनका स्वास्थ्य खतरे में है, बल्कि एक महिला की गरिमा और सुरक्षा पर भी हर रोज सवालिया निशान खड़ा होता है।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि पात्र होते हुए भी लीला बाई को लाभ न मिलना प्रशासन की बड़ी लापरवाही है। ग्रामीणों ने मांग की है कि: मामले की तत्काल निष्पक्ष जांच हो। महिला को तुरंत प्रधानमंत्री आवास और शौचालय स्वीकृत किया जाए।
लापरवाह अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई हो। अब देखना यह है कि इस खबर के बाद जिला प्रशासन और संबंधित विभाग इस विधवा महिला की सुध लेते हैं या लीला बाई की यह गुहार फाइलों के नीचे दबी रह जाएगी।
