दर्दनाक हादसा | पन्ना-अमानगंज मार्ग पर ट्रक-ऑटो की भीषण टक्कर, 1 की मौत, 9 घायल

Spread the love

पन्ना-अमानगंज मार्ग से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां एक बेलगाम ट्रक ने ऑटो को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि पूरा वाहन सड़क किनारे खाई में जा गिरा। इस हादसे ने एक ही परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।

जानकारी के अनुसार, घटना ग्राम तारा के पास हुई, जहां तेज रफ्तार ट्रक ने ऑटो को टक्कर मार दी। ऑटो में सवार परिवार दमोह और सिमरिया क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है, जो अपने बीमार रिश्तेदार से मिलकर बरबसपुरा से लौट रहा था।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और वाहन खाई में जा गिरा। हादसे के तुरंत बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।

इस भीषण दुर्घटना में 40 वर्षीय रामेश्वर तिवारी (निवासी दमोह) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उनकी पत्नी अनिता तिवारी सहित परिवार के 9 सदस्य घायल हो गए, जिनमें छोटे बच्चे भी शामिल हैं। दो घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें पन्ना जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है। यह हादसा एक बार फिर क्षेत्र में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने की समस्या को उजागर करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *