अमरकंटक। धार्मिक नगरी अमरकंटक में चोरी की एक गंभीर घटना सामने आई है, जिससे स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं में चिंता का माहौल बन गया है। वार्ड क्रमांक 14 स्थित माई की बगिया रोड से लगे पुराने नारायण आश्रम परिसर से अज्ञात चोरों ने सफेद चंदन का एक पेड़ काटकर चोरी कर लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह वारदात 29–30 अप्रैल 2026 की दरम्यानी रात करीब 12 बजे के आसपास हुई। आश्रम निवासी महंत प्रीतम गिरि द्वारा थाना अमरकंटक में दर्ज कराई गई शिकायत में बताया गया कि लगभग 11–12 वर्ष पुराना चंदन का पेड़ योजनाबद्ध तरीके से काटा गया।
चोरों ने पहले बाड़ी की फेंसिंग तार काटी, फिर आरी मशीन से पेड़ को जड़ के पास से काटकर अपने साथ ले गए। घटना के समय आसपास किसी को भनक तक नहीं लगी। उल्लेखनीय है कि आश्रम के पास उस समय मेले जैसा आयोजन चल रहा था, जिससे भीड़-भाड़ का फायदा उठाकर आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया।
महंत प्रीतम गिरि ने पुलिस से जल्द आरोपियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की मांग की है। साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की अपील की है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गौरतलब है कि अमरकंटक में पहले भी चंदन चोरी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं—वन विद्यालय परिसर, डाकघर क्षेत्र और शासकीय उद्यान से भी पेड़ चोरी के मामले दर्ज हो चुके हैं।
इस घटना ने एक बार फिर तीर्थ नगरी की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से जल्द खुलासा करने और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
