मंदसौर में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ थाना कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 51.72 लाख रुपये कीमत की एमडी ड्रग्स, अफीम और वाहन जब्त किया है। पुलिस ने मामले में आरोपी इमरान पिता मीरगुल उर्फ बंटी पठान निवासी दावतखेड़ी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी पानी की विद्युत मोटर की बॉडी के अंदर एमडी ड्रग्स और अफीम छुपाकर तस्करी करने की तैयारी में था, ताकि किसी को शक न हो सके। मुखबिर सूचना पर कोतवाली पुलिस ने रेलवे स्टेशन क्षेत्र में घेराबंदी कर आरोपी को स्कूटी सहित पकड़ा।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 500 ग्राम एमडी ड्रग्स, 500 ग्राम अफीम, एक स्कूटी, मोबाइल और विद्युत मशीन बरामद की गई। जब्त सामग्री की कुल कीमत 51 लाख 72 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/18, 22 और 29 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने मंदसौर शहर के कई अन्य लोगों के नाम भी बताए हैं, जिनकी भूमिका की जांच की जा रही है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक टी.एस. सिंह बघेल, नगर पुलिस अधीक्षक जितेंद्र सिंह भास्कर और थाना प्रभारी पुष्पेंद्र सिंह राठौर के नेतृत्व में की गई।
