📰 पूरी खबर:

अनूपपुर। जिले की रामनगर थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 225.740 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। इस दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया, जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया। जब्त गांजे की कीमत करीब 1 करोड़ 12 लाख रुपये आंकी गई है।

पुलिस के अनुसार 17 मई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक सफेद रंग की किआ सोनेट कार में छत्तीसगढ़ के मरवाही से शहडोल की ओर भारी मात्रा में गांजा ले जाया जा रहा है। सूचना पर थाना रामनगर की टीम ने फुलवारीटोला मार्ग पर नाकाबंदी कर वाहन को रोकने का प्रयास किया।

पुलिस को देखकर चालक ने कार को सड़क से नीचे उतार दिया, जिससे वाहन पेड़ से टकरा गया। इस दौरान एक आरोपी मौके से भाग निकला, जबकि चालक को पकड़ लिया गया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुमित मिश्रा उर्फ बेटू (23) निवासी शांतिनगर, अनूपपुर के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान कार से 225.740 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने गांजा, परिवहन में प्रयुक्त किआ सोनेट कार, दो मोबाइल सहित अन्य सामग्री जब्त की है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।

जांच में यह भी सामने आया है कि जब्त कार महज 18 दिन पहले ही खरीदी गई थी। पुलिस अब वाहन मालिक और तस्करी के अन्य नेटवर्क की जांच में जुटी है।