अनूपपुर 18 सितंबर 2026/ कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री रत्नाकर झा एवं पुलिस अधीक्षक श्री विक्रांत मुराब ने मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत जनपद पंचायत जैतहरी की ग्राम पंचायत धनगवां (पूर्वी) का निरीक्षण कर पंचायत की व्यवस्थाओं एवं विभिन्न शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान कलेक्टर ने ग्राम पंचायत सचिव से ग्रामीणों की शिकायतों एवं लंबित प्रकरणों की जानकारी प्राप्त कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

कलेक्टर श्री झा ने सीएम हेल्पलाइन, प्रधानमंत्री आवास योजना सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं विकास कार्यों से संबंधित शिकायतों की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने पंचायत सचिव से लंबित शिकायतों के निराकरण की प्रगति की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि ग्रामीणों की समस्याओं का नियमानुसार एवं समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जन शिकायतों के निराकरण में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने ग्राम पंचायत में कचरा प्रबंधन एवं उसके निस्तारण की व्यवस्था की भी जानकारी ली। उन्होंने पंचायत सचिव से हाट बाजार, स्कूल, ग्राम पंचायत भवन तथा अन्य शासकीय संस्थानों से निकलने वाले कचरे के संग्रहण, पृथक्करण, निस्तारण एवं रिसाइकिलिंग की प्रक्रिया के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कचरे के व्यवस्थित प्रबंधन एवं वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए, ताकि ग्राम पंचायत में स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण बना रहे।

कलेक्टर ने ग्राम पंचायत में आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियों की भी जानकारी ली। उन्होंने पंचायत में बड़े आकार की टॉर्च उपलब्ध रखने के निर्देश दिए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर विद्युत आपूर्ति बाधित होने अथवा किसी अन्य आपात स्थिति में उनका उपयोग किया जा सके। इस दौरान कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने ग्राम पंचायत की अन्य व्यवस्थाओं एवं महत्वपूर्ण बिंदुओं पर भी चर्चा की तथा संबंधित अधिकारियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की। इस दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती अर्चना कुमारी उपस्थिति रही।