📰 पूरी खबर:
रीवा। जिले के बघेली यूट्यूबर और कलाकार मनीष पटेल को सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक वीडियो पोस्ट करने के मामले में सिविल लाइन थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 196(1)(ए) और 353(2) के तहत कार्रवाई की गई है। इस मामले में मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने भी आरोपी की अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी है।
क्या है पूरा मामला
जानकारी के अनुसार, वेलेंटाइन वीक के दौरान मनीष पटेल ने यूट्यूब, फेसबुक और इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया था। वीडियो के कंटेंट और उसके कैप्शन में ब्राह्मण समाज की युवतियों को लेकर कथित तौर पर अभद्र और आपत्तिजनक टिप्पणियां की गई थीं।
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद ब्राह्मण समाज सहित कई संगठनों में भारी आक्रोश फैल गया। मामले को लेकर विभिन्न संगठनों ने विरोध दर्ज कराया और पुलिस से कड़ी कार्रवाई की मांग की थी।
शिकायत मिलने के बाद सिविल लाइन थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।