📰 पूरी खबर:
अनूपपुर। दहेज प्रताड़ना से जुड़ी नवविवाहिता की संदिग्ध मौत के मामले में कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मृतका के पति और सास को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि विवाह के बाद से ही मृतका हेमा वंशकार को दहेज की मांग को लेकर लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था।
जानकारी के अनुसार, 21 वर्षीय हेमा वंशकार की 13 मई 2026 को संदिग्ध परिस्थितियों में घर पर मौत हो गई थी। उसे फांसी पर लटका हुआ पाए जाने के बाद जिला अस्पताल अनूपपुर लाया गया था, जहां पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की।
प्रभारी एसडीओपी नवीन तिवारी द्वारा की गई जांच में मायके पक्ष के गवाहों ने बताया कि पति राज वंशकार और सास ज्योति वंशकार द्वारा दहेज में 2 लाख रुपये और मोटरसाइकिल की मांग की जाती थी। मांग पूरी नहीं होने पर मृतका के साथ गाली-गलौज, मारपीट और मानसिक प्रताड़ना की जाती थी।
पुलिस जांच में दहेज प्रताड़ना के कारण विवाह के सात वर्ष के भीतर संदिग्ध मृत्यु होना पाए जाने पर कोतवाली थाना में अपराध क्रमांक 311/26 दर्ज किया गया। आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 85, 80(2), 3(5) एवं दहेज प्रतिषेध अधिनियम 1961 की धारा 3 और 4 के तहत मामला कायम किया गया।
बुधवार सुबह एसडीओपी नवीन तिवारी एवं थाना प्रभारी अरविंद जैन के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी पति राज वंशकार और सास ज्योति वंशकार को गिरफ्तार कर लिया। मामले में आगे की विवेचना जारी है।