📰 पूरी खबर:

पवित्र नगरी अमरकंटक में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के बीच पुष्पराजगढ़ विधायक फुन्देलाल सिंह मार्को ने बड़ा सवाल खड़ा किया है। विधायक ने एक वीडियो जारी कर पूछा है कि आखिर अमरकंटक में अतिक्रमण कराता कौन है?

उन्होंने कहा कि अमरकंटक में पटवारी, उप तहसील और पूरा राजस्व अमला मौजूद है, फिर भी 15 वार्डों में लगातार अतिक्रमण कैसे बढ़ता गया। विधायक ने आरोप लगाया कि कुछ लोग 50 हजार से लेकर 1 लाख रुपये तक लेकर अतिक्रमण करवाते हैं और बाद में वही लोग अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई का दिखावा करते हैं।

फुन्देलाल सिंह मार्को ने इस पूरे मामले की पारदर्शी जांच की मांग करते हुए कहा कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होना चाहिए। उन्होंने भाजपा सरकार की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए और कहा कि अमरकंटक की पवित्रता और प्राकृतिक धरोहर को बचाना जरूरी है।

विधायक ने यह भी कहा कि उन्होंने पहले ही अमरकंटक क्षेत्र में वन्य प्राणी अभयारण्य स्थापित किए जाने की मांग की है, ताकि जल, जंगल और जमीन की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके तथा भविष्य में अतिक्रमण और प्राकृतिक संसाधनों के दोहन पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।

अब देखना होगा कि विधायक द्वारा लगाए गए इन गंभीर आरोपों पर प्रशासन और सरकार की ओर से क्या प्रतिक्रिया सामने आती है।