📰 पूरी खबर:
अनूपपुर 19 जून 2026/कलेक्टर श्री हर्षल पंचोली एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती अर्चना कुमारी के मार्गदर्शन में आज जिला पंचायत सभाकक्ष में वित्तीय साक्षरता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के वित्तीय समावेशन और विकास विभाग के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में भोपाल से आए आरबीआई प्रतिनिधि श्री राम पोरवाल ने मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत संचालित स्व सहायता समूहों की सदस्यों को बैंकिंग एवं वित्तीय प्रबंधन के संबंध में जानकारी दी।
जागरूकता कार्यक्रम के दौरान समूह की दीदियों को बचत, ब्याज दर, सिबिल स्कोर, आरटीजीएस और यूपीआई पेमेंट जैसी आवश्यक बैंकिंग प्रक्रियाओं की विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। इसके साथ ही वर्तमान में तेजी से बढ़ रहे डिजिटल स्कैम और 'डिजिटल अरेस्ट' जैसे साइबर अपराधों से बचने के लिए बरती जाने वाली सावधानियों के प्रति भी जागरूक किया गया।
आरबीआई प्रतिनिधि श्री पोरवाल ने दीदियों को जागरूक करते हुए कहा कि वे केवल शासन द्वारा अधिकृत व मान्य बैंकिंग संस्थाओं से ही ऋण लें। उन्होंने कम समय में पैसा दोगुना करने और बेहद कम ब्याज पर लोन दिलाने वाले भ्रामक प्रलोभनों से दूर रहने की सलाह दी। कार्यक्रम में शासन की कल्याणकारी योजनाओं जैसे- प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, सामाजिक सुरक्षा बीमा योजना, अटल पेंशन योजना और सुकन्या समृद्धि योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने हेतु प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर दीदियों के सामान्य ज्ञान और जागरूकता का स्तर परखने के लिए कार्यक्रम के प्रारंभ एवं समापन पर वित्तीय साक्षरता से जुड़ी एक विशेष प्रश्नोत्तरी (क्विज) प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में सर्वाधिक सही जवाब देकर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली पांच दीदियों- श्रीमती बेबी राठौर, श्रीमती सावित्री रजक, श्रीमती रोशनी यादव, श्रीमती नरबदिया एवं श्रीमती सुनीता को मंच से पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
इस कार्यक्रम का सफल समन्वय सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के अग्रणी जिला प्रबंधक श्री दिलीप निगम द्वारा किया गया। कार्यक्रम में आजीविका मिशन के जिला परियोजना प्रबंधक श्री शशांक प्रताप सिंह,जिला प्रबंधक श्रीमती अंजू शुक्ला, ब्लॉक प्रबंधक श्री कन्हैयालाल पटेल सहित बड़ी संख्या में स्व सहायता समूह की सदस्य, बैंक सखियां और विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।