अनूपपुर, 17 जुलाई 2026/ कलेक्टर श्री हर्षल पंचोली के निर्देशन में श्री नर्मदा उद्गम ट्रस्ट, अमरकंटक के सोने-चांदी आभूषणों (गहने-जेवर) के भौतिक सत्यापन की कार्यवाही पारदर्शिता एवं निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप संपन्न कराई गई।

भौतिक सत्यापन के लिए अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) पुष्पराजगढ़ श्री वसीम अहमद भट्ट की अध्यक्षता में जांच दल का गठन किया गया। गठित दल द्वारा अमरकंटक थाना परिसर में सुरक्षित रखे गए ट्रस्ट के सोने-चांदी आभूषणों का सूचीवार मिलान करते हुए विस्तृत भौतिक सत्यापन किया गया।

सत्यापन के दौरान जांच दल ने उपलब्ध सूची के अनुसार प्रत्येक सोने-चांदी आभूषण का सावधानीपूर्वक परीक्षण किया। निरीक्षण उपरांत दल ने प्रतिवेदित किया कि उपलब्ध कराई गई सूची के अनुरूप सभी सोने-चांदी आभूषण सुरक्षित, पूर्ण एवं यथावत पाए गए। सत्यापन प्रक्रिया निर्धारित शासकीय मानकों का पालन करते हुए सफलतापूर्वक संपन्न की गई।

भौतिक सत्यापन की संपूर्ण कार्यवाही मुख्य नगर परिषद अधिकारी, नगर परिषद अमरकंटक, थाना प्रभारी अमरकंटक तथा श्री नर्मदा मंदिर ट्रस्ट, अमरकंटक के अधिकृत पुजारी श्री राजेश द्विवेदी की उपस्थिति में संपन्न हुई।