अनूपपुर,22 जुलाई 2026/ जिला पंचायत सामान्य सभा की बैठक जिला पंचायत की अध्यक्ष श्रीमती प्रीति रमेश सिंह की अध्यक्षता में आज जिला पंचायत सभागार में आयोजित की गई। बैठक में पूर्व बैठक एजेंडा के पालन प्रतिवेदन से सदन को अवगत कराया गया तथा पेयजल, विद्युत, खाद्य, आबकारी और शिक्षा जैसे जनहित से जुड़े विभागों की विस्तृत समीक्षा की गई और अधिकारियों को समय-सीमा में समस्याओं के निराकरण करने के निर्देश दिए गए।   

बैठक में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती अर्चना कुमारी, जिला पंचायत की उपाध्यक्ष श्रीमती पार्वती वाल्मीकि राठौर, सदस्य सुश्री भारती केवट, श्रीमती किरण चौधरी, श्रीमती भुवनेश्वरी सिंह, श्रीमती यशोदा कोदू सिंह,श्री नर्मदा सिंह,श्री राम जी रिंकू मिश्रा, श्री दरोगा सिंह, जनपद पंचायत जैतहरी के अध्यक्ष श्री राजीव सिंह, जिला पंचायत के एसीईओ श्री के के सोनी,परियोजना अधिकारी डॉ. उमेश द्विवेदी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।  

बैठक में स्वास्थ्य विभाग,मत्स्य विभाग,आबकारी, प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क विकास प्राधिकरण, सर्व शिक्षा अभियान, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, ऊर्जा विभाग,लोक निर्माण विभाग से संबंधित मुद्दों पर सदस्यों ने ध्यानाकर्षण कराया इस संबंध में अधिकारियों ने विषयगत जानकारी दी। 

बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी में अवगत कराया कि आयुष्मान निरामय योजना के अंतर्गत चिन्हित अस्पतालों की सूची का फ्लेक्स जन सामान्य की सुलभ जानकारी के लिए सभी स्वास्थ्य केन्द्रो में प्रदर्शित किए गए।  

बैठक में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती अर्चना कुमारी ने विकसित भारत- ग्रामीण रोजगार आजीविका मिशन गारंटी योजना (वीबी-जी राम जी) के संबंध में जानकारी देते हुए अनुमतय कार्यों, पौधरोपण के गैप फिलिंग तथा जल संरक्षण के कार्यों की उपयुक्त संरचना के स्थान का चिन्हांकन करने आदि के संबंध में जानकारी दी गई। 

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पौधरोपण के कार्यक्रम में सभी जनप्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए। 

बैठक में प्रधानमंत्री आवास ग्रामीण योजना के आवास प्लस त्रिस्तरीय सर्वेक्षण के संबंध में जिला पंचायत पदाधिकारीयो को अवगत कराया। 

बैठक में व्यक्तिगत शौचालय निर्माण, नवीन सामुदायिक स्वच्छता परिसर निर्माण,ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 के संबंध में जानकारी दी गई। 
बैठक में 15 वें व पांचवे वित्त आयोग मद अंतर्गत स्वीकृत कार्यों के प्रगति के संबंध में जानकारी रखी गई। 

बैठक में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क एवं अवसंरचना मद अंतर्गत स्वीकृत निर्माण कार्यो, तथा नल जल मरम्मत के अपूर्ण कार्यों पर चर्चा की गई जिस पर जिला पंचायत सदस्यों ने अपने सुझाव रखें।  

बैठक में ग्रामीण यांत्रिकी सेवा तथा कृषि विभाग अंतर्गत संचालित कार्यों के संबंध में अधिकारियों ने सदन को अवगत कराया। 

बैठक में लोक निर्माण विभाग भवन द्वारा बनाए जा रहे सांदिपनी विद्यालय अमगवां, बदरा, पंचखुरा (निगरानी) खोदरी खूका,खू॔टाटोला, पुष्पराजगढ़ के निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। 

बैठक में जिला पंचायत सीईओ ने ग्राम पंचायत द्वारा करो की वसूली के ऑन बोर्डिंग एवं ऑनलाइन भुगतान प्रणाली के संबंध में जिला पंचायत सदस्यों को जानकारी देते हुए कर जमा करने के ऑनलाइन माध्यम की जानकारी दी गई। 

राष्ट्रीय राजमार्ग के साजा टोला से सरई तक चौड़ीकरण कार्य से प्रभावित हो रहे ग्रामीण विकास के कार्यों की समस्या के समाधान के संबंध में ध्यान आकर्षण कराया गया।