📰 पूरी खबर:
अनूपपुर 30 जुलाई 2026/ प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना के माध्यम से मजदूरी करने वाली गर्भवती महिलाओं को गर्भावस्था के दौरान होने वाले मजदूरी के नुकसान की आंशिक भरपाई के लिए आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। योजना का उद्देश्य गर्भवती महिलाओं एवं स्तनपान कराने वाली माताओं के स्वास्थ्य और पोषण स्तर में सुधार करना तथा उन्हें आवश्यक देखभाल के लिए प्रोत्साहित करना है। योजना के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से सहायता राशि सीधे उनके बैंक खाते में उपलब्ध कराई जाती है।
योजना के तहत प्रथम जीवित संतान के जन्म पर पात्र गर्भवती महिला को कुल 5 हजार रुपए की आर्थिक सहायता तीन किस्तों में प्रदान की जाती है। प्रथम किस्त के रूप में पंजीयन के समय 1 हजार रुपए, दूसरी किस्त गर्भावस्था के छह माह पूर्ण होने पर 2 हजार रुपए तथा तीसरी किस्त शिशु के जन्म के उपरांत 2 हजार रुपए प्रदान किए जाते हैं। इसके साथ ही नवजात शिशु को बीसीजी, ओपीवी, डीपीटी एवं हेपेटाइटिस-बी सहित सभी आवश्यक टीके निःशुल्क लगाए जाते हैं।
योजना का लाभ केवल पात्र गर्भवती एवं स्तनपान कराने वाली महिलाओं को दिया जाता है। जो महिलाएं केंद्र या राज्य सरकार अथवा किसी सार्वजनिक उपक्रम में नियमित सेवा में कार्यरत हैं अथवा किसी अन्य कानून या योजना के अंतर्गत समान मातृत्व लाभ प्राप्त कर रही हैं, वे इस योजना के लिए पात्र नहीं हैं। पात्र हितग्राही निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार पंजीयन कराकर योजना का लाभ प्राप्त कर सकते हैं।