अनूपपुर 30 जुलाई 2026/विश्व मानव तस्करी विरोधी दिवस के अवसर पर मध्य प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, अनूपपुर श्रीमती माया विश्वलाल के मार्गदर्शन में सरस्वती उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, अनूपपुर में विधिक साक्षरता शिविर एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को मानव तस्करी जैसे गंभीर अपराध, उसके दुष्परिणामों तथा उससे बचाव के लिए जागरूकता एवं सतर्कता के महत्व की जानकारी दी गई।

शिविर में जिला न्यायाधीश श्री नरेंद्र पटेल ने विद्यार्थियों को संविधान प्रदत्त मौलिक अधिकारों एवं कर्तव्यों तथा मोटर दुर्घटना दावा अधिनियम की जानकारी देते हुए विधिक जागरूकता का संदेश दिया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव श्री रावेंद्र कुमार सोनी ने निःशुल्क विधिक सहायता, विधिक परामर्श एवं मध्यस्थता सहित प्राधिकरण की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी तथा विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर अध्ययन करने के लिए प्रेरित किया। जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री बृजेश पटेल ने पात्र एवं आर्थिक रूप से कमजोर व्यक्तियों को उपलब्ध निःशुल्क विधिक सहायता तथा टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 15100 के बारे में जानकारी प्रदान की।

कार्यक्रम में विद्यालय परिसर में अधिकारियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों द्वारा वृक्षारोपण किया गया तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य श्री अभिमन्यु सिंह, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।