📰 पूरी खबर:
अनूपपुर 31 जुलाई 2026/ नवागत कलेक्टर श्री रत्नाकर झा ने जिले के समस्त विभागों के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि सभी विभागीय अधिकारी एवं मैदानी अमला अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण मनोयोग एवं जिम्मेदारी के साथ करें। उन्होंने कहा कि शासकीय कार्यों के प्रति किसी भी प्रकार की लापरवाही एवं उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को शासन द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों एवं मापदंडों के अनुरूप शासकीय योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप प्रगति लाने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री झा गुरुवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय स्थित नर्मदा सभागार में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं के क्रियान्वयन एवं कार्ययोजना की समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे।
बैठक में कलेक्टर श्री रत्नाकर झा ने सभी अधिकारियों को सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी प्रतिदिन प्रातःकाल सीएम हेल्पलाइन के लंबित प्रकरणों की समीक्षा करें तथा विभागों को प्राप्त शिकायतों का गंभीरतापूर्वक निराकरण करें। उन्होंने निर्देश दिए कि किसी भी शिकायत को अनअटेंडेड न छोड़ा जाए। प्रत्येक प्रकरण की गंभीरता एवं शिकायतकर्ता की समस्या को समझते हुए उसका प्रभावी एवं संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में कलेक्टर श्री झा ने निर्माण विभागों के अधिकारियों से जिले में संचालित निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए आवश्यक जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देशित किया कि जिले में पूर्ण हो चुके निर्माण कार्यों की लोकार्पण योग्य सूची जिला पंचायत में संधारित की जाए। साथ ही समय-समय पर लोकार्पण कार्यक्रम आयोजित कर जनप्रतिनिधियों के माध्यम से इन कार्यों का लोकार्पण कराया जाए, ताकि निर्मित भवनों एवं अधोसंरचनाओं का लाभ आमजन को समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराया जा सके।
कलेक्टर श्री रत्नाकर झा ने बैठक में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की योजनाओं एवं गतिविधियों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत जिले में 3,358 तालाबों के निर्माण एवं संरक्षण कार्यों तथा एक बगिया माँ के नाम योजना के तहत 379 स्थलों पर आम, नींबू एवं अन्य फलदार पौधों के पौधारोपण की प्रगति की जानकारी ली। साथ ही प्रधानमंत्री जनमन योजना, स्वच्छ भारत मिशन एवं प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत किए गए सर्वेक्षण की समीक्षा करते हुए बताया गया कि जिले में 64,112 हितग्राही पात्र पाए गए हैं। बैठक में वन विभाग की समीक्षा के दौरान तेंदूपत्ता संग्रहण, पौधारोपण, जंगली हाथियों के भ्रमण की स्थिति, बचाव एवं राहत कार्यों सहित विभाग द्वारा संचालित अन्य गतिविधियों की भी विस्तृत जानकारी प्राप्त की गई।
बैठक में कलेक्टर श्री रत्नाकर झा ने राजस्व विभाग अंतर्गत संचालित योजनाओं एवं राजस्व प्रकरणों की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान अधिकारियों ने अवगत कराया कि जिले में फार्मर रजिस्ट्री का 31.37 प्रतिशत कार्य पूर्ण कर लिया गया है। साथ ही प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना, नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन तथा अन्य राजस्व प्रकरणों की प्रगति की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की गई। कलेक्टर श्री झा ने सभी प्रकरणों का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री झा ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी से जिले में संचालित स्वास्थ्य गतिविधियों की समीक्षा करते हुए निर्देशित किया कि जिले के समस्त शासकीय चिकित्सालयों में निर्धारित ओपीडी समय-सारिणी का बोर्ड प्रत्येक चिकित्सालय में प्रमुख स्थान पर अनिवार्य रूप से चस्पा किया जाए, ताकि मरीजों एवं आमजन को आवश्यक जानकारी सहजता से प्राप्त हो सके तथा चिकित्सकों की नियमित एवं समयबद्ध उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने आमजन को गुणवत्तापूर्ण एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध कराने तथा जिले की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। बैठक में कलेक्टर श्री झा ने पशुपालन विभाग के अधिकारियों को भी निर्देशित किया कि समस्त पशु चिकित्सालयों एवं पशु औषधालयों में ओपीडी अवधि के दौरान पशु चिकित्सकों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित की जाए, जिससे पशुपालकों को समय पर बेहतर पशु चिकित्सा सेवाएँ उपलब्ध हो सकें।
बैठक में कलेक्टर श्री झा ने निर्देश दिए कि जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों, छात्रावासों, आश्रम विद्यालयों एवं अन्य शासकीय परिसरों में व्यापक स्तर पर फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण किया जाए। उन्होंने उद्यानिकी विभाग के अधिकारियों को विभागीय नर्सरियों को और अधिक विकसित एवं सुदृढ़ बनाने तथा गुणवत्तायुक्त पौधों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर श्री झा ने निर्देशित किया कि जिले के समस्त कुपोषित बच्चों को पोषण पुनर्वास केंद्र में आवश्यकतानुसार भर्ती कर उनका समुचित उपचार एवं पोषण प्रबंधन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग को जिले के दिव्यांग बच्चों एवं अन्य दिव्यांगजनों का सर्वेक्षण कर उनकी सूची तैयार करने तथा उन्हें शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सुविधाओं का अधिकतम लाभ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर श्री झा ने श्रम विभाग एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिले के समस्त पात्र हितग्राहियों के संबल कार्ड प्राथमिकता के आधार पर बनाए जाएं। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि शासन की संबल योजना का लाभ प्रत्येक पात्र हितग्राही तक समयबद्ध रूप से पहुंचे तथा कोई भी पात्र व्यक्ति योजना के लाभ से वंचित न रहे।
कलेक्टर श्री झा ने सभी विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में उन्होंने धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान, साइकिल वितरण योजना सहित अन्य महत्वपूर्ण विषयों की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
बैठक में कलेक्टर श्री झा ने कृषि विभाग, जल संसाधन विभाग, जनजातिया कार्य विभाग खाद्य विभाग उच्च शिक्षा विभाग खनिज विभाग मत्स्य विभाग विद्युत विभाग सहित अन्य विभिन्न विभागों की भी समीक्षा की। बैठक में वनमंडलाधिकारी श्री डेविड व्यंकटराव चनाप, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती अर्चना कुमारी, अपर कलेक्टर श्री बलवीर रमन, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व जैतहरी श्री कमलेश पुरी, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व अनूपपुर सुश्री प्राची अग्रवाल, डिप्टी कलेक्टर सुश्री शीतल ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।