अनूपपुर में भारतीय जनता पार्टी के संगठनात्मक कामकाज को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो रहे हैं। ताजा मामला भाजपा महिला मोर्चा की जिला कार्यकारिणी के गठन से जुड़ा है। आरोप लगाया जा रहा है कि महिला मोर्चा की जिला कार्यकारिणी की घोषणा जिला पंचायत उपाध्यक्ष के लेटर पैड पर की गई और बाद में जिला अध्यक्ष की ओर से उसका अनुमोदन किया गया।

पार्टी के भीतर उठ रहे सवालों के मुताबिक, संगठन की जिला कार्यकारिणी, मोर्चा और प्रकोष्ठों से जुड़े मामलों में निर्धारित प्रक्रिया और पार्टी की रीति-नीति का पालन होना चाहिए। लेकिन अनूपपुर में लगातार ऐसी परिस्थितियों को लेकर कार्यकर्ताओं के बीच असंतोष की चर्चा सामने आ रही है।

मामले को लेकर जिले के प्रभारी और संभागीय प्रभारी की भूमिका पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। सवाल यह है कि अगर संगठन के भीतर से सामने आ रही शिकायतों को गंभीरता से नहीं लिया गया, तो आने वाले समय में इसका असर पार्टी संगठन पर क्या पड़ेगा?

हालांकि, पूरे मामले में भाजपा संगठन का आधिकारिक पक्ष सामने आना अभी बाकी है। अब देखना होगा कि प्रदेश संगठन इस मामले को लेकर क्या संज्ञान लेता है और कार्यकर्ताओं की आपत्तियों पर क्या निर्णय होता है।