रीवा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार को दिल्ली से सीधे रीवा पहुंचे। मुख्यमंत्री रीवा में अधिकारियों के साथ बैठक लेकर चित्रकूट और सतना जिले में बाढ़ एवं अतिवृष्टि से हुए नुकसान की समीक्षा करेंगे।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार को सतना जिले के चित्रकूट पहुंचकर मंदाकिनी नदी में आई बाढ़ और लगातार हो रही अतिवृष्टि से प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लेंगे। इसके साथ ही वे बाढ़ प्रभावित लोगों की स्थिति और प्रशासन द्वारा किए जा रहे राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी भी लेंगे।

चित्रकूट में पिछले दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण मंदाकिनी नदी उफान पर आ गई थी। प्रशासन के साथ एसडीआरएफ की टीमें राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। वहीं बाढ़ के चलते रामघाट से हनुमान धारा जाने वाले मार्ग का पुराना पुल भी क्षतिग्रस्त हुआ है।

बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य के लिए सेना के हेलीकॉप्टर भी लगाए गए हैं। चित्रकूट में छह आश्रय स्थलों पर जलभराव वाले क्षेत्रों से प्रभावित लोगों के ठहरने, भोजन और चिकित्सा की व्यवस्था की गई है।

हालांकि राहत की बात यह है कि मंदाकिनी नदी का जलस्तर अब तेजी से घट रहा है। फिलहाल नदी का जलस्तर अधिकतम बाढ़ स्तर यानी करीब 136 मीटर के आसपास बताया जा रहा है।

मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। अब मुख्यमंत्री के मौके पर पहुंचने के बाद बाढ़ से हुए नुकसान, राहत कार्यों और प्रभावित लोगों के लिए सरकार की ओर से आगे क्या कदम उठाए जाते हैं, इस पर सबकी नजर रहेगी।