📰 पूरी खबर:
अनूपपुर 18 सितंबर 2026- मध्यप्रदेश शासन के वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री एवं अनूपपुर जिले के प्रभारी मंत्री श्री दिलीप अहिरवार ने आज अनूपपुर में निर्माणाधीन ओवरब्रिज का निरीक्षण कर निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधियों से ब्रिज निर्माण की वर्तमान स्थिति तथा कार्य में आ रही समस्याओं के संबंध में बारीकी से जानकारी प्राप्त की।
प्रभारी मंत्री श्री अहिरवार ने निर्देश दिए कि निर्माण कार्य को निर्धारित गुणवत्ता के साथ जल्द से जल्द पूर्ण कराया जाए, ताकि आमजन को आवागमन में सुविधा मिल सके। उन्होंने निर्माण कार्य में आ रही बाधाओं एवं तकनीकी समस्याओं पर अधिकारियों से चर्चा करते हुए उनके शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए।
उन्होंने अनुविभागीय अधिकारी राजस्व अनूपपुर को निर्देशित किया कि निर्माणाधीन ओवरब्रिज के कार्य की प्रगति का प्रत्येक 4-5 दिन में स्थल निरीक्षण कर नियमित रूप से जायजा लिया जाए। उन्होंने कहा कि कार्य की सतत निगरानी सुनिश्चित की जाए, जिससे निर्माण में अनावश्यक विलंब न हो।
प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि ओवरब्रिज का निर्माण कार्य जनहित से जुड़ा महत्वपूर्ण कार्य है। इसे गंभीरता से लिया जाए और कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्माण कार्य में गति लाने के साथ गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री रत्नाकर झा, पुलिस अधीक्षक श्री विक्रांत मुराव, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती अर्चना कुमारी, अपर कलेक्टर श्री बालवीर रमन, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व अनूपपुर सुश्री प्राशी अग्रवाल, जनपद पंचायत पुष्पराजगढ़ के पूर्व अध्यक्ष श्री हीरा सिंह श्याम सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।