📰 पूरी खबर:

अनूपपुर 6 मई 2026/ कलेक्टर श्री हर्षल पंचोली ने आज जिले के जनपद पंचायत अनूपपुर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत नवाटोला एवं बेलिया बड़ी में जनगणना के प्रथम चरण के तहत घर-घर सर्वे कार्य का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक मकान का सही एवं पूर्ण रूप से सूचीकरण किया जाए तथा सर्वे कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या कोताही न बरती जाए।

कलेक्टर ने मौके पर सर्वे कार्य की प्रगति का जायजा लेते हुए जानकारी प्राप्त की और कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जिसमें सटीक आंकड़ों का संकलन अत्यंत आवश्यक है, इसलिए सभी अधिकारी पूरी जिम्मेदारी और गंभीरता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।

निरीक्षण के दौरान प्राथमिक शिक्षक पर बेलिया बड़ी में जनगणना कार्य में लापरवाही पाए जाने पर कलेक्टर ने संबंधित कर्मचारी की एक वेतन वृद्धि रोकने के निर्देश भी दिए। इस अवसर पर अनुविभागीय अधिकारी राजस्व कोतमा श्री सतीश वर्मा एवं तहसीलदार कोतमा श्री दशरथ सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।