देवास जिले के कांटाफोड़ थाना क्षेत्र के लोहारदा गांव में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक खाली प्लॉट में बने करीब 10 फीट गहरे सेप्टिक टैंक में 8 से 9 माह का अज्ञात भ्रूण पानी में तैरता मिला। भ्रूण मिलने की सूचना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।


बताया जा रहा है कि एक 12 वर्षीय बच्चा फूल फेंकने के लिए प्लॉट की तरफ गया था। इसी दौरान उसकी नजर सेप्टिक टैंक के पानी पर पड़ी, जहां उसे कुछ तैरता हुआ दिखाई दिया।

जब बच्चे ने पास जाकर देखा तो वहां भ्रूण था। उसने तुरंत मोहल्ले के लोगों को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।सूचना मिलते ही कांटाफोड़ पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद भ्रूण को सेप्टिक टैंक से बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए कांटाफोड़ अस्पताल भेज दिया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार भ्रूण करीब एक से दो दिन पुराना बताया जा रहा है। हालांकि इसकी वास्तविक स्थिति और अन्य तथ्यों की पुष्टि पोस्टमार्टम और जांच के बाद ही हो सकेगी।


जिस प्लॉट में यह घटना सामने आई, वह लंबे समय से खाली पड़ा है। प्लॉट मालिक आजाद खां ड्राइवर पिछले करीब 15 से 20 वर्षों से इंदौर में रह रहे हैं।

फिलहाल कांटाफोड़ पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि भ्रूण को सेप्टिक टैंक में कौन और किन परिस्थितियों में छोड़कर गया।फिलहाल इस सनसनीखेज मामले में कई सवाल अनसुलझे हैं। भ्रूण यहां तक कैसे पहुंचा और इसके पीछे कौन है? पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही पूरे मामले से पर्दा उठ सकेगा।