अनूपपुर/जबलपुर — बरगी बांध में हुए दर्दनाक क्रूज हादसे में मौत का आंकड़ा लगातार बढ़ता जा रहा है। अब तक 9 शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि कई लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं।
ताजा जानकारी के मुताबिक, आज दो और शव मिले हैं… जिनमें एक 29 वर्षीय मां अपने 4 साल के मासूम बेटे को सीने से जकड़े हुए मिली।
यह दृश्य इतना मार्मिक था कि जिसने भी देखा, उसकी आंखें नम हो गईं।
बताया जा रहा है कि मां ने लाइफ जैकेट पहन रखी थी, लेकिन इसके बावजूद वह अपनी और अपने बच्चे की जान नहीं बचा सकी।
इस हादसे ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
सूत्रों के अनुसार, क्रूज में करीब 40 लोग सवार थे, लेकिन टिकट रिकॉर्ड में सिर्फ 29 वयस्कों का ही जिक्र है।
क्योंकि बच्चों के टिकट नहीं लिए जाते थे, ऐसे में सवार लोगों की सटीक संख्या अब तक साफ नहीं हो पाई है।
हादसे को लेकर लापरवाही के आरोप भी सामने आ रहे हैं।
कहा जा रहा है कि खराब मौसम की चेतावनी के बावजूद क्रूज को बांध में ले जाया गया।
इतना ही नहीं, क्रूज पर सिर्फ एक ऑपरेटर और एक असिस्टेंट मौजूद थे।
यात्रियों को पहले से लाइफ जैकेट भी उपलब्ध नहीं कराई गई थी।
और जब क्रूज डूबने लगा, तब यात्रियों ने आपस में ही जैकेट बांटने की कोशिश की।
स्थानीय लोगों और पीड़ित परिजनों का आरोप है कि यह महज एक हादसा नहीं… बल्कि घोर लापरवाही का नतीजा है।
उन्होंने इसे गैर-इरादतन हत्या तक करार दिया है।
