डिंडोरी में भीषण सड़क हादसा: ऑटो पलटा, एक की मौत

Spread the love

मध्यप्रदेश के डिंडोरी जिले से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है, जहां तेज रफ्तार बाइक को बचाने के प्रयास में यात्रियों से भरा एक ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे में एक व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि अन्य घायल अस्पताल में भर्ती हैं।

यह घटना डिंडोरी जिले के समनापुर विकासखंड के ग्राम मोहती की है। जानकारी के अनुसार, ऑटो में करीब 5 से 6 यात्री सवार थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक को बचाने के प्रयास में चालक ने अचानक नियंत्रण खो दिया, जिससे ऑटो सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार सुनाई देने लगी।

इस दौरान गनियारी अस्पताल के कर्मचारी रम्मू लाल, अजीत परस्ते और गणेश नामदेव मौके से गुजर रहे थे। उन्होंने मानवता का परिचय देते हुए बिना देर किए अपने निजी वाहन से सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। उनकी इस तत्परता की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।

सभी घायलों को तुरंत समनापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उपचार शुरू किया। लेकिन गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं अन्य घायलों की स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और हादसे के वास्तविक कारणों की पड़ताल की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *