जिले में एक माह का फील्ड विजिट बनाकर विद्यार्थियों के शत प्रतिशत नामांकन हेतु किया जाए प्रयास-कलेक्टर

Spread the love

अनूपपुर 4 मई 2026/ कलेक्टर श्री हर्षल पंचोली ने निर्देश दिए हैं कि जिले में विद्यार्थियों के शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एक माह का फील्ड विजिट प्लान तैयार किया जाए। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को सेक्टरवार फील्ड विजिट करने तथा अधिक से अधिक विद्यार्थियों का विद्यालयों में नामांकन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी विद्यार्थियों के अभिभावकों से संवाद स्थापित कर उन्हें बच्चों के विद्यालय में नामांकन कराने के लिए प्रेरित करें। इस कार्य को प्रभावी ढंग से संचालित करने हेतु कलेक्टर ने जिला एवं जनपद स्तर के अधिकारियों की ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, संबंधित अधिकारी को निर्देशित किया गया है कि ड्यूटी आदेश शीघ्र तैयार कर कार्यवाही सुनिश्चित करें, ताकि अभियान को समयबद्ध एवं सुव्यवस्थित तरीके से क्रियान्वित किया जा सके। उन्होंने कहा कि चाइल्ड ट्रैकिंग एप के माध्यम से विद्यार्थियों की जानकारी भी प्राप्त की जा सकती है। कलेक्टर श्री हर्षल पंचोली आज कलेक्ट्रेट कार्यालय के नर्मदा सभागार में आयोजित समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देशित कर रहे थे।

बैठक में कलेक्टर श्री पंचोली ने ग्रामीण क्षेत्रों में नल-जल योजना के अंतर्गत जलापूर्ति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि जल दर्पण एप्लीकेशन के माध्यम से योजना की रियल-टाइम एवं नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। कलेक्टर ने कहा कि ग्रीष्म ऋतु को ध्यान में रखते हुए सभी ग्रामीणों को शुद्ध एवं स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जाना सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, उन्होंने सार्वजनिक एवं शासकीय स्थलों पर प्याऊ व्यवस्था स्थापित करने के भी निर्देश दिए।

बैठक में कलेक्टर श्री पंचोली ने राज्य शासन द्वारा कृषि विभाग के अंतर्गत घोषित कृषक कल्याण वर्ष के अवसर पर आयोजित की जाने वाली गतिविधियों की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कृषक कल्याण वर्ष के अंतर्गत विभिन्न कार्यक्रमों एवं गतिविधियों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। कलेक्टर ने कहा कि किसानों को उन्नत कृषि पद्धतियों को अपनाने एवं कृषि को लाभकारी व्यवसाय बनाने के लिए प्रेरित एवं प्रोत्साहित किया जाए। इसके साथ ही, किसानों को प्रशिक्षण प्रदान किया जाए तथा बाइक रैली, ट्रैक्टर रैली आदि के माध्यम से कृषि संबंधी गतिविधियों के प्रति जागरूक किया जाए।

बैठक में कलेक्टर श्री पंचोली ने सीएम हेल्पलाइन के अंतर्गत लंबित प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने हैंडपंपों के रखरखाव एवं मरम्मत, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, नवीन राशन कार्ड जारी करने एवं राशन कार्ड के अद्यतन, लाड़ली बहना योजना की पेंडिंग भुगतान राशि, भूमि सीमांकन तथा निजी भूमि पर अवैध कब्जे से संबंधित शिकायतों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त, पंचायती राज के अंतर्गत जलप्रदाय से जुड़ी समस्याओं जैसे पाइपलाइन टूट-फूट, मोटर जलने एवं सुधार कार्य, संबल पंजीयन में लंबित आवेदन, शासकीय भूमि पर अतिक्रमण तथा समग्र आईडी से संबंधित प्रकरणों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि इन लंबित मामलों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए तथा शिकायतों के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

बैठक में कलेक्टर श्री पंचोली ने जिले की सभी उचित मूल्य दुकानों में खाद्यान्न की उपलब्धता के संबंध में अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि राशन दुकानों का आकस्मिक निरीक्षण किया जाए तथा वितरण व्यवस्था को पारदर्शी एवं सुचारु बनाए रखा जाए। इसके साथ ही, कलेक्टर ने जिले के विद्यार्थियों को समय पर पाठ्यपुस्तकों के वितरण की समीक्षा की। उन्होंने जर्जर एवं जीर्ण-शीर्ण शासकीय भवनों के स्थान पर नवीन भवनों के निर्माण हेतु स्वीकृति प्रक्रिया को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में अन्य विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर भी चर्चा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।

बैठक में कलेक्टर श्री पंचोली ने शौर्य संकल्प प्रशिक्षण योजना के अंतर्गत 45 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम की समीक्षा की, जिसमें पुलिस एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी हेतु पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों को प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। इस संबंध में उन्होंने आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा प्रशिक्षण को प्रभावी एवं परिणामोन्मुखी बनाने पर जोर दिया। इसके अतिरिक्त, कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग, लोक निर्माण विभाग, सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग, पशुपालन विभाग, सहकारिता विभाग तथा जनजातीय कार्य विभाग सहित अन्य विभागों के कार्यों की समीक्षा की। बैठक में विभागीय योजनाओं एवं गतिविधियों के महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।

बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती अर्चना कुमारी सहित जिले के विभिन्न विभागों के विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *