विदिशा जिले के सिरोंज क्षेत्र में दो समुदायों के बीच विवाद का मामला सामने आया है। घटना इमलानी रोड स्थित सांकलोन चौराहे के पास रात करीब 8 से 8:30 बजे की बताई जा रही है।
चश्मदीद बताए जा रहे राममोहन यादव और सुरेश यादव के अनुसार, एक मोटरसाइकिल भैंस के बछड़े से टकरा गई। मोटरसाइकिल पर तीन युवक सवार थे। टक्कर में बछड़ा घायल हो गया, जिसके बाद मौके पर मौजूद लोगों और बाइक सवारों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
आरोप है कि इसके बाद बाइक सवारों ने अपने अन्य साथियों को बुला लिया। कुछ देर बाद कई लोग कारों में मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस दौरान पथराव और मारपीट हुई तथा सड़क किनारे बने एक मकान में तोड़फोड़ भी की गई।
परिजनों का आरोप है कि मलखान यादव नामक व्यक्ति को कुछ लोग जबरन कार में बैठाकर अपने साथ ले गए। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस की ओर से आधिकारिक बयान का इंतजार है। प्रशासन लोगों से शांति बनाए रखने की अपील कर रहा है।
