Spread the love

अनूपपुर 9 मई 2026/ सालों की कानूनी खींचतान और आपसी कड़वाहट के बाद आखिरकार रिश्तों की जीत हुई है। एक मामूली बहस से शुरू हुआ और मारपीट की आपराधिक धाराओं तक पहुंचा दो सगे भाइयों का सात साल पुराना विवाद आज सुलझ गया।
जानकारी के अनुसार वर्ष 2019 में ग्राम रेउला थाना कोतमा में संपत्ति के बंटवारे को लेकर बड़े भाई लीलमन और छोटे भाई गोविंद के बीच कहासुनी हुई थी। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई। पुलिस ने हस्तक्षेप करते हुए एक-दूसरे के खिलाफ आपराधिक मुकदमा दर्ज कर लिया।पिछले सात वर्षों से यह मामला स्थानीय अदालत में लंबित था।
कई दौर की बातचीत और समझाइश के बाद दोनों पक्ष आपसी सहमति से समझौते पर पहुंचे। लोक अदालत के न्यायाधीश अमनदीप सिंह छाबड़ा ने समझौते को मंजूरी देते हुए दोनों भाइयों के प्रकरण समाप्त कर कहा, “खून के रिश्तों को मुकदमेबाजी में नहीं झोंकना चाहिए।”परिवार के बुजुर्ग पिता ने बताया कि दोनों भाइयों के बीच सुलह की यह खबर सुनकर ऐसा लगा जैसे जीवन का सबसे बड़ा बोझ उतर गया। सात साल बाद आज इस घर में फिर से एक साथ खाना पकेगा।स्थानीय निवासियों ने इस समाधान का स्वागत किया और कहा कि आपसी विवादों को बातचीत और लोक अदालत के माध्यम से सुलझाना ही बेहतर विकल्प है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *